Saturday, September 12, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 27°C
Breaking News

जालंधर में PAP चौक पर हादसा, सिविल सर्जन डॉ. बजाज गंभीर रूप से घायल

भारत इंफो : जालंधर के सिविल अस्पताल में सेवाएं दे चुके पूर्व सिविल सर्जन डॉ. सतिंदरजीत सिंह बजाज शुक्रवार को एक सड़क हादसे का शिकार हो गए। डॉ. बजाज का तबादला अमृतसर अस्पताल में हो चुका है। वह अपनी वृद्ध माता का हालचाल जानने और उनसे मिलने के लिए जालंधर आए थे। मां से मुलाकात करने के बाद वह वापस अमृतसर ड्यूटी पर लौट रहे थे।

PAP चौक पर ट्रक की चपेट में आए
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह जब डॉ. बजाज PAP चौक के पास पहुंचे तो पीछे खड़े एक ट्रक ने अचानक रिवर्स होना शुरू कर दिया। इसी दौरान वह ट्रक की चपेट में आ गए और सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत शोर मचाकर ट्रक चालक को वाहन रोकने के लिए कहा।

बिना पीछे देखे ट्रक बैक करने का आरोप
चश्मदीदों के अनुसार लोगों की सतर्कता के कारण ट्रक तुरंत रोक दिया गया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत कर घायल डॉ. बजाज को ट्रक के नीचे से सुरक्षित बाहर निकाला। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ट्रक चालक ने बिना पीछे देखे वाहन को रिवर्स करना शुरू कर दिया था। उसे इस बात का अंदाजा नहीं था कि वाहन के पीछे डॉ. बजाज खड़े हैं। इसी लापरवाही के चलते यह हादसा हुआ।

शरीर पर आईं कई गंभीर चोटें
हादसे में डॉ. बजाज के शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर चोटें आई हैं। घायल अवस्था में उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक उनकी हालत फिलहाल स्थिर है और वह खतरे से बाहर हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और चालक से पूछताछ जारी है। प्रारंभिक जांच में लापरवाही से वाहन चलाने का मामला सामने आ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *