loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 39°C
Breaking News

फिरोजपुर में करियाना व्यापारी की गोली मारकर हत्या, इलाके में दहशत

भारत इंफो : फिरोजपुर के मक्खू कस्बे में एक करियाना व्यापारी की गोली मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान 45 वर्षीय गुरचरण सिंह उर्फ काला गाबा के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है। हमलावर बाइक पर सवार होकर आए और व्यापारी पर गोलियां चला दीं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

गैंगस्टर एंगल की जताई जा रही आशंका
मामले को लेकर कांग्रेस के पूर्व विधायक कुलबीर जीरा ने परिवार से मुलाकात के बाद कई गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने दावा किया कि मृतक का व्हाट्सएप नंबर पिछले करीब एक सप्ताह से बंद बताया जा रहा था। व्यापारी को किसी गैंगस्टर गिरोह की ओर से धमकी या फोन कॉल मिली हो सकती है। हालांकि पुलिस की जांच पूरी होने तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
कुलबीर जीरा ने घटना के बाद पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक होती जा रही है और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। हालात ऐसे बन गए हैं कि व्यापारी और आम लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने इस पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की।

शहर बंद रखने की अपील
व्यापारी की हत्या के बाद क्षेत्र में लोगों में भारी रोष देखा जा रहा है। कुलबीर जीरा ने स्थानीय लोगों से एकजुटता दिखाने की अपील करते हुए शहर बंद रखने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि गाबा परिवार के समर्थन में बाजार बंद रखे जाएंगे और परिवार की इच्छा के अनुसार ही आगे की रणनीति तय की जाएगी। घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है और बड़ी संख्या में लोग पीड़ित परिवार के साथ खड़े नजर आ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *