भारत इंफो : लुधियाना के ताजपुर रोड के नजदीक विजय नगर इलाके से एक हैरान करने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक परिवार स्कूटी पर कहीं जाता दिखाई दे रहा है, लेकिन सड़क पर भारी जलभराव के कारण उन्हें सामने मौजूद खुला गटर दिखाई नहीं देता और देखते ही देखते पूरा परिवार स्कूटी समेत गटर में जा गिरता है। हादसे के दौरान परिवार के साथ एक छोटी बच्ची भी मौजूद थी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
राहगीरों की सतर्कता से टला बड़ा हादसा
गनीमत रही कि आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत फुर्ती दिखाते हुए परिवार को बचाने के लिए दौड़ लगा दी। राहगीरों ने अपनी जान जोखिम में डालकर बच्ची सहित पूरे परिवार को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। लोगों की मदद से स्कूटी को भी गटर से बाहर निकाला गया। समय रहते मदद मिलने से एक बड़ा और जानलेवा हादसा टल गया।
प्रशासन पर उठे सवाल
घटना के बाद स्थानीय लोगों में प्रशासन के खिलाफ भारी रोष देखने को मिला। लोगों और चश्मदीदों का कहना है कि इलाके में डेयरियों का गंदा पानी लगातार सड़कों पर जमा रहता है। जलभराव इतना अधिक होता है कि सड़क के गड्ढे और खुले गटर दिखाई नहीं देते, जिसके कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं। लोगों ने प्रशासन से इलाके की सफाई व्यवस्था और सीवरेज सिस्टम को तुरंत दुरुस्त करने की मांग की है।