भारत इंफो : पंजाब और चंडीगढ़ में शुक्रवार को मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ सकता है। मौसम विभाग ने राज्य के छह जिलों और चंडीगढ़ में आंधी और बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं 16 मई से 20 मई तक कई इलाकों में हीट वेव चलने की संभावना जताई गई है, जिसके चलते यलो अलर्ट जारी किया गया है।
इन जिलों में तेज आंधी और बारिश की संभावना
मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार पठानकोट, गुरदासपुर, फाजिल्का, अमृतसर, होशियारपुर और श्री मुक्तसर साहिब में अलग-अलग स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना है। कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी हो सकती है।
16 मई से हीट वेव का असर
मौसम विभाग ने 16 मई से 20 मई तक पंजाब के कई हिस्सों में हीट वेव चलने की चेतावनी दी है। दोपहर के समय तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर में घर से बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है।
कमजोर पड़ा पश्चिमी विक्षोभ
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार लद्दाख और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ अब कमजोर पड़ गया है। इसके अलावा दक्षिण हरियाणा और आसपास के इलाकों में बना ऊपरी हवा का चक्रवाती सिस्टम भी कमजोर हो गया है। हालांकि 16 मई के आसपास दक्षिण-पश्चिम मानसून के दक्षिण बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में पहुंचने के लिए मौसम अनुकूल बन रहा है। इसके साथ ही एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत में असर दिखा सकता है।