loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 30°C
Breaking News

देश में पेट्रोल-डीजल महंगा, पंजाब के कई शहरों में पेट्रोल 100 रुपए पार

भारत इंफो : देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी दर्ज की गई है। नई दरें लागू होने के बाद पंजाब के ज्यादातर शहरों में पेट्रोल की कीमत 100 रुपए प्रति लीटर के पार पहुंच गई है। वहीं डीजल भी करीब 3 रुपए प्रति लीटर महंगा हो गया है। धान की रोपाई के सीजन से पहले डीजल की कीमत बढ़ने से किसानों की चिंता बढ़ गई है।

डीजल की नई कीमतों ने बढ़ाई किसानों की चिंता
राज्य में डीजल की कीमत 87.83 रुपए प्रति लीटर से बढ़कर 90.78 रुपए प्रति लीटर हो गई है। खेती-किसानी में ट्रैक्टर, ट्यूबवेल और पंपिंग सेट के लिए डीजल का सबसे ज्यादा इस्तेमाल होता है। ऐसे में आने वाले दिनों में खेती की लागत बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।

CNG के दामों में भी इजाफा
पेट्रोल और डीजल के साथ-साथ CNG की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है। प्रमुख शहरों में CNG करीब 2 रुपए प्रति किलो महंगी हुई है। राजधानी दिल्ली में अब एक किलो CNG के लिए लोगों को 79.09 रुपए चुकाने होंगे। माना जा रहा है कि इसका असर सार्वजनिक परिवहन और माल ढुलाई पर भी पड़ेगा।

आम लोगों पर पड़ेगा सीधा असर
ईंधन महंगा होने से ट्रक और टेंपो का किराया बढ़ सकता है। इससे दूसरे राज्यों से आने वाली सब्जियां, फल और राशन के दामों में भी बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। इसके अलावा बस, ऑटो और स्कूल वाहनों के किराए में भी इजाफा होने की संभावना जताई जा रही है।

इंटरनेशनल बाजार में बढ़ी कच्चे तेल की कीमतें
जानकारों के मुताबिक पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी की मुख्य वजह अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दामों में तेजी है। ईरान और अमेरिका के बीच तनाव बढ़ने के बाद क्रूड ऑयल की कीमतें तेजी से ऊपर गई हैं। पहले जहां कच्चा तेल करीब 70 डॉलर प्रति बैरल था, वहीं अब इसकी कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच चुकी है।

तेल कंपनियों पर बढ़ते दबाव के चलते ईंधन की कीमतों में यह बढ़ोतरी की गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें लंबे समय तक ऊंची बनी रहती हैं तो आने वाले समय में पेट्रोल और डीजल के दामों में और बढ़ोतरी हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *