भारत इंफो : जालंधर में सूफी सिंगिंग जोड़ी नूरां सिस्टर्स के परिवार में चल रहा विवाद अब और गहरा गया है। बीमार पिता गुलशन मीर के इलाज को लेकर शुरू हुआ विवाद अब निजी आरोप-प्रत्यारोप और खुले टकराव में बदल चुका है। गुलशन मीर के इलाज के लिए आर्थिक मदद जुटाने को लेकर जारी किए गए क्यूआर कोड के बाद परिवार में मतभेद सामने आए थे। इसके बाद मामला लगातार सार्वजनिक होता चला गया।
रितु नूरां और पूर्व पति आमने-सामने
अब रितू नूरां और उनके पूर्व पति रुद्र संधू के बीच विवाद तेज हो गया है। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं और सोशल मीडिया पर बयानबाजी जारी है। हाल ही में रुद्र संधू ने एक वीडियो जारी कर रितु नूरां पर कई गंभीर आरोप लगाए। वीडियो में उन्होंने अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए व्यक्तिगत और निजी आरोप लगाए, साथ ही उनके जीवनशैली और रिश्तों को लेकर भी सवाल उठाए।
धमकी भरे बयान से बढ़ा तनाव
वीडियो में रुद्र संधू ने रितु को चेतावनी देते हुए कहा कि वह उनके परिवार के बारे में कोई टिप्पणी न करें। उन्होंने धमकी भरे लहजे में बयान देते हुए कहा कि अब “उल्टी गिनती” शुरू कर दी जाए, जिससे विवाद और ज्यादा बढ़ गया है। यह पहली बार नहीं है जब दोनों के बीच इस तरह का विवाद सामने आया हो। इससे पहले भी रुद्र संधू वीडियो जारी कर निजी संबंधों को लेकर आरोप लगा चुके हैं। उन्होंने यह भी दावा किया था कि रितु उन्हें और उनके छोटे बच्चे को छोड़कर चली गई थीं।
परिवार के अन्य सदस्यों का भी जिक्र
विवाद के दौरान परिवार के अन्य सदस्यों का नाम भी सामने आया है। रुद्र संधू ने आरोप लगाया कि अस्पताल में हालचाल जानने पहुंची सुल्ताना नूरां के साथ भी अच्छा व्यवहार नहीं किया गया। इस पूरे घटनाक्रम के बाद मामला और संवेदनशील हो गया है। लगातार सामने आ रहे वीडियो और बयानों ने इस पारिवारिक विवाद को सार्वजनिक बहस का विषय बना दिया है।