भारत इंफो : फगवाड़ा में मंगलवार सुबह डीएसपी योगेश कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका शव थाना सदर क्षेत्र स्थित सरकारी आवास में मिला। उन्हें तुरंत जालंधर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
रिवॉल्वर साफ करते समय चली गोली
जानकारी के अनुसार डीएसपी योगेश कुमार सुबह अपने सरकारी आवास पर रिवॉल्वर की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक गोली चल गई, जो उनके सीने में जा लगी। गोली की आवाज सुनकर आसपास मौजूद पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
सिविल अस्पताल की डॉक्टर मनप्रीत कौर गिल के अनुसार सुबह करीब 10:28 बजे पुलिसकर्मी डीएसपी को गनशॉट इंजरी के साथ अस्पताल लेकर पहुंचे थे। जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया है। डीएसपी योगेश कुमार का हाल ही में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स से ट्रांसफर हुआ था और उनकी तैनाती चंडीगढ़ में की गई थी। घटना की सूचना उनके परिवार को दे दी गई है।
हादसा या कुछ और, जांच जारी
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह महज एक हादसा था या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।