भारत इंफो : जालंधर में कुकी टाब के पास बैंक एन्क्लेव स्थित पंजाब नेशनल बैंक में दिनदहाड़े लूट की वारदात सामने आई है। जानकारी के मुताबिक दो बाइक सवार लुटेरे हथियार के साथ बैंक में घुसे और वहां मौजूद कर्मचारियों को गन प्वाइंट पर लेकर कैश काउंटर से नगदी लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद बैंक में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
लुटेरों की तलाश में जुटी पुलिस टीमें
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। लूटी गई रकम का आकलन किया जा रहा है। डीसीपी ने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पिस्तौल दिखाकर कैशियर को धमकाया
डीसीपी ढिल्लों ने बताया कि दोपहर करीब 2:30 बजे एक लुटेरा बैंक के अंदर कैशियर के पास पहुंचा और नगदी देने के लिए दबाव बनाने लगा। पहले कैशियर ने पैसे देने में देरी करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने पिस्तौल निकालकर जान से मारने की धमकी दी, जिसके बाद कैशियर को पैसे देने पड़े।
CCTV में कैद हुई वारदात
घटना के समय बैंक में 3 से 4 ग्राहक भी मौजूद थे। एक लुटेरा अंदर वारदात को अंजाम दे रहा था, जबकि दूसरा बाहर खड़े होकर निगरानी कर रहा था। दोनों आरोपियों ने अपने चेहरे ढके हुए थे। पूरी वारदात बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसे पुलिस जांच के लिए खंगाल रही है।