भारत इंफो : जालंधर में मौसम ने अचानक करवट लेते हुए लोगों को गर्मी से राहत दी। दोपहर बाद तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई, जिसके बाद कई इलाकों में ओलावृष्टि भी देखने को मिली। आसमान में काले बादल छा गए और दिन में ही रात जैसा अंधेरा छा गया। ओले गिरने के दौरान लोग सड़कों के किनारे खड़े होकर इस नजारे को अपने मोबाइल में कैद करते नजर आए। तेज बारिश और ठंडी हवाओं से लोगों को भीषण गर्मी से राहत जरूर मिली।
किसानों की बढ़ी चिंता, फसलों को नुकसान
मौसम में इस बदलाव ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। गेहूं का सीजन शुरू हो चुका है और किसान मंडियों में फसल लेकर जाने की तैयारी कर रहे थे। लेकिन ओलावृष्टि के कारण खेतों में खड़ी गेहूं और अन्य फसलों को नुकसान पहुंचा है।
किसानों का कहना है कि गेहूं के दाने काले पड़ने लगे हैं और फसल की गुणवत्ता खराब हो रही है। जहां पहले प्रति एकड़ 20 क्विंटल पैदावार की उम्मीद थी, अब 5 क्विंटल भी मिलना मुश्किल लग रहा है।
सरकार से मदद की अपील
किसानों ने सरकार से मुआवजे की मांग की है। उनका कहना है कि अगर अगले 20 दिनों तक मौसम साफ रहता है, तो कुछ हद तक फसल को बचाया जा सकता है। फिलहाल यह प्राकृतिक बदलाव किसानों के लिए बड़ी चिंता बन गया है।