भारत इंफो : जालंधर के संतोखपुरा इलाके में करण नामक युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों का आरोप है कि वह एक युवती और उसके परिवार द्वारा कथित रूप से परेशान किए जाने से मानसिक दबाव में था। बताया जा रहा है कि युवक ने युवती से 60 हजार रुपये उधार लिए थे, जिसमें से 40 हजार लौटा चुका था, जबकि बाकी 20 हजार घटना वाले दिन देने वाला था।
पुलिस ने दर्ज की FIR, गिरफ्तारी बाकी
मामले में पुलिस ने युवती, उसकी मां मीनू और भाई गगन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है, जिससे मृतक के परिजनों में रोष बना हुआ है। इसी मामले को लेकर थाना नंबर 8 के बाहर उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब दूसरे पक्ष की ओर से युवती की मां बयान दर्ज कराने पहुंची। इस दौरान दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर बहस, गाली-गलौच और आरोप-प्रत्यारोप का दौर चला।
एक्टिवा से जाते समय बढ़ा विवाद
बताया जा रहा है कि जब युवती की मां एक्टिवा पर वहां से जाने लगी तो युवक पक्ष के कुछ लोग भड़क गए और उसे रोकने की कोशिश की। हालांकि, मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने स्थिति को संभालते हुए रास्ता साफ कराया, जिसके बाद वह वहां से चली गई।
परिजनों का इंसाफ की मांग पर जोर
मृतक के परिजनों का कहना है कि उन्हें अब तक न्याय नहीं मिला है और आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं। उनका आरोप है कि थाने में भी उन्हें अपमानजनक व्यवहार का सामना करना पड़ा। परिवार ने मांग की है कि संबंधित युवती, उसकी मां और भाई को जल्द गिरफ्तार किया जाए, ताकि उन्हें इंसाफ मिल सके।