भारत इंफो : कनाडा में रह रहे पंजाब मूल के एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना 14 मार्च की दोपहर Edmonton के पास स्थित Leduc इलाके में हुई, जहां अज्ञात हमलावरों ने हाईवे पर कार को घेरकर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।
स्टडी वीजा पर बाहर गया था बीरइंदर
जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने हाईवे 2 पर चल रही कार को निशाना बनाया। कार में सवार युवक पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी गई, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद हमलावर फरार हो गए। मृतक की पहचान बीरइंदर सिंह के रूप में हुई है, जो मूल रूप से पंजाब का रहने वाला था। वह स्टडी वीजा पर कनाडा गया था। उसके भाई पुनर सिंह ने उसकी मौत की पुष्टि की है।
पढ़ाई पूरी कर कर रहा था काम
पुलिस के मुताबिक, बीरइंदर सिंह ने Ontario में अपनी पढ़ाई पूरी की थी। हाल ही में वह Alberta प्रांत में कंस्ट्रक्शन सेक्टर में काम कर रहा था। घटना के समय बीरइंदर सिंह अपने दोस्तों के साथ लॉन्ग ड्राइव पर निकला हुआ था। बताया जा रहा है कि कार में उसके साथ एक अन्य व्यक्ति भी मौजूद था, हालांकि पुलिस ने अभी उसकी पहचान सार्वजनिक नहीं की है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद स्थानीय पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हमलावरों की तलाश की जा रही है, जबकि घटना के पीछे के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो पाया है।