loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 38°C
Breaking News

होशियारपुर में लूटने आए थे… फंस गए अंदर, शटर गिरते ही हाथ जोड़ने लगे हथियारबंद लुटेरे

भारत इंफो : पंजाब के होशियारपुर में लूट की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। फगवाड़ा रोड स्थित मनी मोबाइल नाम की दुकान में चार हथियारबंद लुटेरे घुस गए। लुटेरों के दुकान में घुसते ही वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। हालांकि मौके पर मौजूद लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए बाहर से दुकान का शटर गिरा दिया, जिससे लुटेरे दुकान के अंदर ही फंस गए। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।

CCTV में कैद हुई पूरी घटना
सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि चार हथियारबंद युवक दुकान के अंदर खड़े हैं। इसी दौरान बाहर मौजूद लोगों ने अचानक दुकान का शटर गिरा दिया। शटर गिरने के बाद लुटेरे अंदर से लोगों से शटर खोलने की अपील करते नजर आए। घटना के दौरान दुकान के अंदर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

दुकान के अंदर मौजूद थे बच्चे
गनीमत यह रही कि जब यह घटना हुई उस समय दुकान के अंदर दो बच्चे भी मौजूद थे, लेकिन हथियारबंद लुटेरों ने उन्हें कोई नुकसान नहीं पहुंचाया। दुकान मालिक मनमोहन ने बताया कि यह घटना बीती शाम की है। जैसे ही लुटेरे दुकान के अंदर दाखिल हुए, उसी समय एक बच्चा बाहर निकलने की कोशिश कर रहा था, लेकिन बाहर मौजूद लोगों ने तुरंत शटर गिराकर दुकान बंद कर दी।

गोली मारने की दी धमकी
घटना के दौरान लुटेरे शटर खोलने के लिए लगातार चिल्लाते और लोगों से अपील करते दिखाई दिए। वीडियो में यह भी सुनाई दे रहा है कि लुटेरे अंदर मौजूद व्यक्ति को गोली मारने की धमकी दे रहे थे और कह रहे थे कि अगर शटर नहीं खोला गया तो वे गोली मार देंगे।
इस दौरान वे शटर को तेजधार हथियार से मारकर खोलने की कोशिश भी करते दिखाई दिए। काफी देर तक शटर नहीं खुलने पर लुटेरे अंदर से मिन्नतें करते हुए शटर खोलने की गुहार लगाते रहे।

पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *