loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 28°C
Breaking News

जालंधर में तेज रफ्तार Fortuner कार ने ई-रिक्शा को मारी टक्कर, हादसे में दादी-पोती की मौत

भारत इंफो : पंजाब के जालंधर में देर रात दर्दनाक सड़क हादसे में दादी और पोती की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि परिवार ई-रिक्शा में घर लौट रहा था, तभी पीछे से तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर ने टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की मौके पर ही जान चली गई, जबकि परिवार के अन्य सदस्य घायल हो गए।

ई-रिक्शा को पीछे से मारी टक्कर
मिली जानकारी के अनुसार हादसा रात करीब 12 बजे के बाद हुआ। पीड़ित परिवार ई-रिक्शा में सवार होकर घर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें बैठी दादी और पोती की मौके पर ही मौत हो गई।

आरोपी के नशे में होने का आरोप
हादसे के बाद पुलिस ने कार चालक को गिरफ्तार कर थाने ले जाया। हालांकि पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि कार चालक नशे में था और उससे ठीक से चला भी नहीं जा रहा था। परिजनों का कहना था कि पुलिस आरोपी का मेडिकल करवाने में देरी कर रही है और उसे बचाने की कोशिश कर रही है।

मृतक बच्ची की बुआ सीमा ने बताया कि इस हादसे में उसकी मां और भतीजी की मौत हो गई, जबकि उसके भाई का कंधा टूट गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी शराब के नशे में था, लेकिन पुलिस कार्रवाई करने में ढिलाई बरत रही थी।

थाने के बाहर देर रात तक हंगामा
परिवार के लोग जब बस्ती बावा खेल थाने पहुंचे तो पुलिस ने थाने का गेट बंद कर अंदर से ताला लगा दिया। इस पर लोगों में और गुस्सा बढ़ गया और उन्होंने देर रात तक थाने के बाहर हंगामा किया। इस मामले में बस्ती बावा खेल थाने के एसएचओ जयइंद्र ने कहा कि थाने का गेट इसलिए बंद किया गया था ताकि माहौल बिगड़ने से रोका जा सके। हालांकि लोगों के विरोध के बाद रात करीब 3 बजे आरोपी चालक का मेडिकल करवाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *