loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 25°C
Breaking News

Nancy Grewal की मौत पर मां का आया बयान, इन लोगों को ठहराया जिम्मेदार

भारत इंफो : जालंधर से ताल्लुक रखने वाली और कनाडा के ओंटारियो (लासेल) में रह रही सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नैन्सी ग्रेवाल की उनके घर में घुसकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। 45 वर्षीय नैन्सी पर हमलावरों ने चाकू से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मंगलवार रात करीब साढ़े 9 बजे अंजाम दी गई इस वारदात के बाद नैन्सी की मां तेजिंदर कौर मीडिया के सामने आईं और उन्होंने इस कत्ल के पीछे गहरी साजिश और पुरानी दुश्मनी की ओर इशारा किया है।

दुश्मनों ने रची साजिश
मृतका की मां तेजिंदर कौर ने अपनी बेटी की मौत के लिए उन लोगों को जिम्मेदार ठहराया है जो वहां के गुरुद्वारा साहिब से जुड़े हैं। उन्होंने खुलासा किया कि अवतार सिंह नाम का व्यक्ति नैन्सी से गहरी दुश्मनी रखता था और उस पर माफी मांगने का दबाव बना रहा था। माँ ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी सच के रास्ते पर चलती थी और गरीबों की मदद करती थी, जो कुछ कट्टरपंथी विचारधारा के लोगों को रास नहीं आ रहा था। उन्होंने यह भी बताया कि विंडसर के इलाके में खालिस्तानी समर्थकों का प्रभाव है और नैन्सी को लगातार धमकियां मिल रही थीं।

पहले भी हुआ था जानलेवा हमला
तेजिंदर कौर के मुताबिक नैन्सी पर यह कोई पहला हमला नहीं था। इससे पहले भी उसके घर को आग लगाने की कोशिश की गई थी, जिसमें वह बाल-बाल बची थी। नैन्सी साल 2018 में कनाडा गई थी और वहां नर्स का कोर्स करने के बाद दो अलग-अलग कंपनियों में कड़ी मेहनत कर रही थी। हत्या से पहले नैन्सी की रेकी भी की गई थी। कनाडा पुलिस को पहले भी कई बार धमकियों की शिकायतें दी गई थीं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अब पीड़ित परिवार ने उन 3-4 संदिग्धों के नाम पुलिस को सौंपते हुए सख्त कार्रवाई और इंसाफ की गुहार लगाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *