भारत इंफो : पंजाब के गुरदासपुर से सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां जेल रोड स्थित 5 नंबर स्कीम में रहने वाले प्रसिद्ध ज्वेलर वरुण महाजन के घर सुबह 8 बजे लुटेरों ने धावा बोल दिया। पांच हथियारबंद लुटेरों ने पूरे परिवार को बंधक बनाकर करीब 3 करोड़ रुपये के जेवर और कैश पर हाथ साफ कर दिया। इस वारदात ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।
धार्मिक बहाने से घर में घुसे
ज्वेलर की पत्नी नेहा महाजन के अनुसार, सुबह जब उनका ड्राइवर सरबजीत सिंह गाड़ियां साफ कर रहा था, तभी पांच लोग घर के पास आए। उन्होंने ड्राइवर से बात की और घर के अंदर घुस गए। परिवार को गुमराह करने के लिए कहा कि उन्होंने सोशल मीडिया पर उनके गुरुओं के खिलाफ गलत पोस्ट डाली है, इसलिए वे पूछताछ करने आए हैं। जैसे ही परिवार के सदस्य करीब आए, लुटेरों ने नेहा महाजन के सिर पर पिस्टल तान दी और शोर मचाने पर बच्चों को जान से मारने की धमकी दी।
परिवार को कमरों में किया बंद
वारदात को अंजाम देने के लिए लुटेरों ने सोची-समझी साजिश के तहत पूरे परिवार को अलग-अलग कमरों में कैद कर दिया। ड्राइवर, बच्चों और पति-पत्नी को अलग-अलग जगह बंद करने के बाद उन्होंने घर की सभी चाबियां कब्जे में ले लीं। डरे-सहमे परिवार के सामने बदमाशों ने सारा सोना और नकदी समेटी।
शातिर लुटेरे पहचान छुपाने के लिए घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर (DVR) भी उखाड़ ले गए और परिवार की ही गाड़ी में सवार होकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने अब जिले भर में नाकाबंदी कर लुटेरों की तलाश तेज कर दी है।