loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 26°C
Breaking News

पंजाब महिला आयोग की पुलिसकर्मी को चेतावनी, कहा- अगर महिला के आरोप सही निकले तो उतरेगी वर्दी

भारत इंफो : पंजाब राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन राज लाली गिल के समक्ष एक महिला ने पुलिस की कथित बर्बरता का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने दावा किया कि थाने में उसके साथ अमानवीय व्यवहार किया गया और उसे शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया।

‘सिर में जूतियां मारीं, हार्ट पेशेंट होने के बावजूद बिठाया’
महिला ने आयोग के सामने बयान दिया कि एक पुलिसकर्मी ने थाने के अंदर उसके सिर पर जूतियां मारीं। उसने बताया कि वह हार्ट पेशेंट है, इसके बावजूद उसे जबरन पैरों के बल बैठाया गया, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई और ब्लीडिंग भी हुई। महिला का आरोप है कि उसकी हालत खराब होने के बावजूद पुलिसकर्मी नहीं पसीजे।

‘रात की ड्यूटी में और होगा बुरा हाल’
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी ने उसे धमकाते हुए कहा कि अभी तो कुछ नहीं हुआ है, जब रात की ड्यूटी वाला कर्मचारी नशे की हालत में आएगा तो स्थिति और खराब हो सकती है। महिला के इन आरोपों को सुनकर चेयरपर्सन राज लाली गिल ने कड़ा रुख अपनाया।

उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारी से सवाल किया कि अगर ऐसा व्यवहार उसके साथ किया जाए तो कैसा लगेगा। चेयरपर्सन ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि आरोप सही पाए गए तो संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

CCTV फुटेज तलब, कार्रवाई की चेतावनी
शिकायत सुनने के बाद राज लाली गिल ने संबंधित थाने की उस दिन की पूरी सीसीटीवी फुटेज पेश करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने साफ कहा कि अगर जांच में आरोपों की पुष्टि हुई तो दोषी पुलिसकर्मी की वर्दी उतरवा दी जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आयोग की ओर से रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *