loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 27°C
Breaking News

चंडीगढ़ नगर निगम मेयर चुनाव में भाजपा की बड़ी जीत, सौरभ जोशी बने चंडीगढ़ के 29वें मेयर

भारत इंफो : चंडीगढ़ नगर निगम के मेयर चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने निर्णायक जीत दर्ज की है। भाजपा उम्मीदवार सौरभ जोशी को कुल 18 वोट मिले, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार को 7 वोट और आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार को 11 वोट प्राप्त हुए। इस जीत के साथ सौरभ जोशी चंडीगढ़ के 29वें मेयर बन गए हैं।

हाथ खड़े कराकर हुआ मतदान, पहली बार तीनों दल आमने-सामने

इस बार मेयर का चुनाव सीक्रेट बैलेट के बजाय पार्षदों के हाथ खड़े कराकर कराया गया। चुनाव की खास बात यह रही कि पहली बार भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने अलग-अलग उम्मीदवार मैदान में उतारे। इससे पहले हुए दो चुनावों में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी गठबंधन के साथ चुनाव लड़ती रही थीं।

जीत के बाद भावुक हुए सौरभ जोशी

मेयर चुने जाने के बाद सौरभ जोशी भावुक नजर आए। सदन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि उनके पिता ने उन्हें हमेशा सही रास्ते पर चलने की सीख दी। उन्होंने अपने वार्ड के बुजुर्गों और युवाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत जनता के विश्वास की जीत है। जोशी ने भरोसा दिलाया कि मेयर की कुर्सी उनके और जनता के बीच कभी दीवार नहीं बनेगी।

सीनियर डिप्टी मेयर चुनाव की प्रक्रिया शुरू

मेयर चुनाव के बाद सीनियर डिप्टी मेयर पद के लिए मतदान प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। आम आदमी पार्टी के 11 पार्षदों ने अपने उम्मीदवार मुन्नवर राणा के पक्ष में मतदान किया। वहीं कांग्रेस के सीनियर डिप्टी मेयर उम्मीदवार का नाम लिए जाने के दौरान कांग्रेस पार्षद सदन में मौजूद नहीं रहे।

कांग्रेस-आप के बीच सियासी आरोप-प्रत्यारोप तेज

मेयर चुनाव के बाद कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी के प्रभारी जरनैल सिंह ने कांग्रेस पर भाजपा का साथ देने का आरोप लगाया, जबकि कांग्रेस ने इसे प्रतीकात्मक चुनाव बताते हुए आगामी नगर निगम चुनावों पर फोकस करने की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *