भारत इंफो : पंजाब के होशियारपुर जिले में आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता बलविंदर सिंह सतकरतार की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई, जबकि उनका एक दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। यह सनसनीखेज वारदात मियानी गांव में स्थित बलविंदर सिंह की हार्डवेयर दुकान पर अंजाम दी गई।
बाइक पर आए तीन हमलावर, दो ने दुकान में घुसकर बरसाईं गोलियां
जानकारी के अनुसार वीरवार शाम करीब 4 बजे एक बाइक पर सवार तीन अज्ञात हमलावर दुकान के बाहर पहुंचे। इनमें से एक बदमाश बाहर खड़ा रहा, जबकि दो नकाबपोश हथियारों के साथ सीधे दुकान के अंदर घुस गए। बिना किसी बातचीत के आरोपियों ने बलविंदर सिंह और लखविंदर सिंह पर करीब 7 राउंड फायरिंग कर दी।
सीने में गोली लगने से बलविंदर की मौके पर मौत
लोगों के मुताबिक, बलविंदर सिंह को सीने में गोली लगी, जो आर-पार निकल गई। गंभीर चोट लगने के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, लखविंदर सिंह के कंधे में गोली लगी है। घटना के बाद स्थानीय लोग दोनों को तुरंत टांडा के सरकारी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने बलविंदर सिंह को मृत घोषित कर दिया। लखविंदर सिंह की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस जांच में जुटी, हमलावरों की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।