भारत इंफो : पंजाब से पाकिस्तान जाकर शादी करने वाली सरबजीत कौर को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। जानकारी के अनुसार धर्म परिवर्तन कर अपना नाम नूर हुसैन रखने वाली सरबजीत कौर और उसके पाकिस्तानी पति नासिर हुसैन को पाकिस्तान के ननकाना साहिब जिले से गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके साथ ही सरबजीत कौर को पाकिस्तान से भारत डिपोर्ट करने की कानूनी प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
खुफिया इनपुट के आधार पर हुई कार्रवाई
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई खुफिया जानकारी के आधार पर की गई है। इंटेलिजेंस ब्यूरो डिवीजन की एक टीम ने ननकाना साहिब के पहेड़े वाली गांव में छापा मारकर दोनों को हिरासत में लिया। फिलहाल दोनों से अलग-अलग पूछताछ की जा रही है।
प्रकाश पर्व पर जत्थे के साथ गई थी पाकिस्तान
गौरतलब है कि कपूरथला की रहने वाली सरबजीत कौर 4 नवंबर 2025 को गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर एक सिख जत्थे के साथ पाकिस्तान गई थी। इसके बाद वह जत्थे से अलग हो गई थी, जिससे उसके लापता होने की खबरें सामने आई थीं।
धर्म परिवर्तन कर 5 नवंबर को की थी शादी
जांच में सामने आया कि सरबजीत कौर ने पाकिस्तान में रहते हुए धर्म परिवर्तन किया और 5 नवंबर को नासिर हुसैन से शादी कर ली। इसके बाद उसने अपना नाम बदलकर नूर हुसैन रख लिया।
जांच एजेंसियों को यह भी पता चला है कि सरबजीत कौर और नासिर हुसैन साल 2016 से TikTok के जरिए एक-दूसरे के संपर्क में थे। दोनों के बीच लंबे समय से बातचीत चल रही थी, जिसके बाद सरबजीत कौर ने पाकिस्तान जाकर शादी करने का फैसला लिया।