भारत इंफो : जालंधर सेंट्रल की राजनीति में आज उस समय बड़ा फेरबदल देखने को मिला, जब वार्ड नंबर 23 की मौजूदा पार्षद परमजीत कौर और उनके पति हरपाल मिंटू ने कांग्रेस को अलविदा कहकर आम आदमी पार्टी (AAP) की सदस्यता ग्रहण कर ली। इसे जालंधर में कांग्रेस के लिए एक बड़े नुकसान और ‘आप’ के लिए ज़मीनी मज़बूती के तौर पर देखा जा रहा है।
मुख्यमंत्री आवास पर हुई आधिकारिक जॉइनिंग
पार्षद परमजीत कौर ने सुबह हलका इंचार्ज नितिन कोहली के कार्यालय में पार्टी जॉइन की, जबकि उनके पति हरपाल मिंटू ने चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री आवास (CM House) में पार्टी की सदस्यता ली। इस मौके पर मुख्यमंत्री के OSD राजबीर सिंह घुम्मण और नितिन कोहली विशेष रूप से उपस्थित रहे। श्री घुम्मण ने बताया कि घने कोहरे के कारण मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान खुद उपस्थित नहीं हो सके, लेकिन उन्होंने नए सदस्यों का स्वागत किया है।
नितिन कोहली के विकास कार्यों पर जताया भरोसा
पार्टी में शामिल होने के बाद पार्षद परमजीत कौर ने कहा कि उन्होंने नितिन कोहली के विज़न और जालंधर सेंट्रल में हो रहे विकास कार्यों को देखकर यह फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि
“कांग्रेस अब आम जनता की समस्याओं और ज़मीनी हकीकत से दूर होती जा रही है। इसके विपरीत, आम आदमी पार्टी का नेतृत्व ईमानदार है और यहाँ हर वर्ग की आवाज़ सुनी जाती है।”
धरातल पर काम करने वाला नेतृत्व चाहिए”
हरपाल मिंटू ने संबोधित करते हुए कहा कि नितिन कोहली दिखावे की राजनीति के बजाय हर गली और मोहल्ले की समस्याओं को अपनी ज़िम्मेदारी समझकर हल करते हैं। उन्होंने संकल्प लिया कि वे अब ‘आप’ के साथ मिलकर वार्ड नंबर 23 के विकास को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे।
जालंधर सेंट्रल को ‘मॉडल क्षेत्र’ बनाने का लक्ष्य
हलका इंचार्ज नितिन कोहली ने नए साथियों का स्वागत करते हुए कहा कि पार्टी का एकमात्र उद्देश्य ‘सेवा’ है। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य जालंधर सेंट्रल में सड़क, सीवरेज और सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं को घर-घर पहुँचाना है। इस अवसर पर वरिष्ठ नेता काकू अहलूवालिया, पार्षद लव रॉबिन और अजीत सिंह भी मौजूद रहे, जिन्होंने कहा कि इस जॉइनिंग से पार्टी को इलाके में नई ऊर्जा मिलेगी।