भारत इंफो : अमृतसर के रंजीत एवेन्यू स्थित एक नामी जिम में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक इंटरनेशनल बॉडी बिल्डिंग खिलाड़ी और उसकी मंगेतर के बीच जमकर लात-घूंसे चले। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें सरेआम मारपीट होती नजर आ रही है। पीड़ित खिलाड़ी की पहचान अमन के रूप में हुई है।
विवाद की जड़: जिम की पार्टनरशिप और मालिकाना हक
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह पूरा विवाद जिम के संचालन और उसकी हिस्सेदारी (Partnership) को लेकर शुरू हुआ। पीड़ित अमन का आरोप है कि उसकी मंगेतर और उसके बीच जिम के मालिकाना हक को लेकर तनातनी चल रही थी। बुधवार को यह बहस इतनी बढ़ गई कि बात हाथापाई तक पहुँच गई।
केश खींचे और सरेआम की मारपीट, जिम में मची दहशत
अमन ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान न केवल उसे शारीरिक चोटें पहुंचाई गईं, बल्कि उसके ‘केश’ (बाल) भी खींचे गए और उसके साथ अभद्रता की गई। जिम के अंदर मौजूद अन्य सदस्य इस अचानक हुए हमले से दहशत में आ गए। वहां मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन विवाद काफी देर तक चलता रहा।
CCTV में कैद हुई वारदात, पुलिस ने शुरू की जांच
जिम के अंदर लगे CCTV कैमरों में यह पूरी घटना कैद हो गई है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि कैसे दोनों पक्षों के बीच हंगामा हो रहा है और मारपीट की जा रही है। रंजीत एवेन्यू पुलिस ने मौके पर पहुँचकर CCTV फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है।
पुलिस की कार्रवाई: बयानों के आधार पर होगी FIR
मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्षों को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। पुलिस ने कहा, “हम दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर रहे हैं और CCTV फुटेज की गहनता से जांच की जा रही है। कानून को हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।