Sunday, September 13, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 29°C
Breaking News

राणा बलाचौरिया हत्याकांड: हाईकोर्ट ने लिया खुद संज्ञान, DGP से मांगा जवाब

भारत इंफो : मोहाली में कबड्डी खिलाड़ी राणा बलाचौरिया की हत्या के मामले में पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट ने स्वतः संज्ञान लिया है। कोर्ट ने इस घटना को गंभीर मानते हुए पंजाब पुलिस के डीजीपी से जवाब तलब किया है। हाईकोर्ट ने स्पष्ट तौर पर पूछा है कि कबड्डी मैच के आयोजन के लिए प्रशासन से अनुमति ली गई थी या नहीं और आयोजन स्थल के बाहर कितने पुलिसकर्मी तैनात थे। मामले की अगली सुनवाई 15 जनवरी को निर्धारित की गई है।

मैच के दौरान गोली मारकर की गई थी हत्या
यह सनसनीखेज घटना 15 दिसंबर को मोहाली के सोहाना इलाके में हुई थी, जहां कबड्डी कप का आयोजन चल रहा था। इसी दौरान दो युवक सेल्फी लेने के बहाने राणा बलाचौरिया के पास पहुंचे। आरोप है कि पहले उसके चेहरे पर शॉल डाली गई और फिर सिर में गोली मार दी गई। गोली लगते ही राणा जमीन पर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद लोग उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन फोर्टिस अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बंबीहा गैंग ने ली थी जिम्मेदारी
हत्या के बाद इस मामले की जिम्मेदारी बंबीहा गैंग ने ली थी। गैंग की ओर से दावा किया गया कि राणा बलाचौरिया विरोधी गुट को मजबूत कर रहा था, इसी वजह से उसकी हत्या की गई। इस दावे ने मामले को और संवेदनशील बना दिया है।

परिवार ने गैंग के आरोपों को किया खारिज
राणा बलाचौरिया के पिता ने गैंग के दावों को सिरे से नकारते हुए कहा था कि उनके बेटे का किसी से कोई विवाद नहीं था। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग उनके बेटे के नाम का इस्तेमाल कर केवल सुर्खियां बटोरने की कोशिश कर रहे हैं। परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *