Thursday, December 18, 2025
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 15°C
Breaking News

एयरपोर्ट पर टला बड़ा हादसा, लैंडिंग के वक्त रनवे से टकराया इंडिगो विमान का पिछला हिस्सा; बाल बाल बचे यात्री

भारत इंफो : झारखंड की राजधानी रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर शुक्रवार रात एक बड़ा विमान हादसा होते-होते बच गया। भुवनेश्वर से रांची आ रही इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट (6E-7361) लैंडिंग के दौरान अनियंत्रित हो गई और उसका पिछला हिस्सा (Tail) रनवे से जोर से टकरा गया। इस ‘हार्ड लैंडिंग’ से विमान को नुकसान पहुंचा है, लेकिन गनीमत रही कि इसमें सवार सभी 56 यात्री सुरक्षित हैं।

तेज झटके के साथ चीख-पुकार, पायलट की सूझबूझ से बची जान

जानकारी के मुताबिक, विमान ने शाम 7:55 बजे भुवनेश्वर से उड़ान भरी थी। रात करीब 8:30 बजे रांची में लैंडिंग के दौरान तकनीकी खराबी के चलते विमान का पिछला हिस्सा जमीन से रगड़ खा गया। जोरदार झटके के कारण यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और अफरातफरी का माहौल बन गया। हालांकि, पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए विमान को नियंत्रित किया और सुरक्षित एप्रन पर रोक लिया। कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आने की भी खबर है।

विमान ‘अनफिट’ घोषित, भुवनेश्वर जाने वाले यात्री हुए परेशान

घटना के तुरंत बाद इंजीनियरों ने विमान की तकनीकी जांच की, जिसमें उसे आगे की उड़ान के लिए ‘अयोग्य’ (Unfit) पाया गया। सुरक्षा कारणों से विमान को वहीं ग्राउंडेड कर दिया गया। इसका सीधा असर रांची से भुवनेश्वर वापस जाने वाली फ्लाइट पर पड़ा, जिसमें 77 यात्रियों को जाना था।

होटल में ठहराए गए यात्री, प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप

वापसी की उड़ान के लिए इंतजार कर रहे यात्रियों ने एयरलाइंस पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना था कि उन्हें देर रात तक एयरपोर्ट पर बिठाए रखा गया और स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। पहले वैकल्पिक विमान का भरोसा दिया गया, लेकिन व्यवस्था नहीं हो सकी। आखिरकार, हंगामा बढ़ने के बाद इंडिगो ने सभी 77 यात्रियों के लिए होटल और भोजन का इंतजाम किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *