loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 37°C
Breaking News

राजस्थान के हनुमानगढ़ में एथेनॉल फैक्ट्री का विरोध, चौथे दिन भी इंटरनेट बंद

भारत इंफो : राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के टिब्बी (राठीखेड़ा) इलाके में ड्यून एथेनॉल प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री के खिलाफ चल रहा आंदोलन अब उग्र रूप लेता जा रहा है। फैक्ट्री के विरोध में भड़की आग ठंडी होने का नाम नहीं ले रही है। एहतियात के तौर पर प्रशासन ने शुक्रवार को लगातार चौथे दिन भी इलाके में इंटरनेट सेवाएं पूरी तरह बंद रखी हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

कलेक्टर-एसपी के हटाए जाने तक वार्ता से इनकार

आंदोलनकारी किसान अब आर-पार की लड़ाई के मूड में हैं। उन्होंने प्रशासन के साथ बातचीत के दरवाजे फिलहाल बंद कर दिए हैं। किसानों ने दो टूक कहा है कि जब तक हनुमानगढ़ के जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक (SP) का तबादला नहीं हो जाता, वे प्रशासन के साथ किसी भी तरह की मेज पर नहीं आएंगे। आंदोलन की अगली रणनीति तय करने के लिए आज दोपहर 2 बजे टिब्बी स्थित गुरुद्वारे में कोर कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है।

पुलिस कार्रवाई और पलायन का डर

पुलिस ने उपद्रव के मामले में सख्ती दिखाते हुए 107 लोगों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज किया है। अब तक 40 लोगों को हिरासत में लिया जा चुका है। पुलिस की इस कार्रवाई से गांव में दहशत का माहौल है। डर के कारण कई परिवार अपने घरों पर ताला लगाकर रिश्तेदारों के यहां चले गए हैं, जबकि कुछ लोगों ने गुरुद्वारा सिंह सभा में शरण ले रखी है।

महिलाओं ने दिखाए गोलियों के खोल

मामले में पुलिस की भूमिका पर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय महिलाओं ने पुलिस पर सीधी फायरिंग करने का आरोप लगाया है। सबूत के तौर पर महिलाओं ने गुरुद्वारा सिंह सभा में कथित पुलिसिया फायरिंग से मिले गोलियों के खोल भी दिखाए। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस दमनकारी नीति अपना रही है, जिससे लोगों में भारी आक्रोश है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *