भारत इंफो : जालंधर के हॉकी प्रेमियों के लिए कल का दिन खास होने जा रहा है। शहर के ऐतिहासिक ओलंपियन सुरजीत हॉकी स्टेडियम, बर्लटन पार्क में मंगलवार (23 अक्टूबर) से 42वां इंडियन ऑयल सर्वो सुरजीत हॉकी टूर्नामेंट शुरू हो रहा है।
स्वर्गीय ओलंपियन सुरजीत सिंह रंधावा की याद में आयोजन
यह टूर्नामेंट हर साल सुरजीत हॉकी सोसाइटी, जालंधर की ओर से आयोजित किया जाता है, ताकि भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान और ओलंपियन सरदार सुरजीत सिंह रंधावा की स्मृति को जीवित रखा जा सके। रंधावा का 7 जनवरी 1984 को जालंधर के पास एक सड़क हादसे में निधन हो गया था।
हरमनप्रीत, हार्दिक और मनप्रीत जैसे स्टार खिलाड़ी लेंगे हिस्सा
इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में भारतीय टीम के कप्तान ओलंपियन हरमनप्रीत सिंह, उप-कप्तान ओलंपियन हार्दिक सिंह, मनप्रीत सिंह, मंदीप सिंह, जर्मनप्रीत सिंह और कई अन्य वर्तमान व पूर्व भारतीय खिलाड़ी अपने खेल का प्रदर्शन करेंगे।
टूर्नामेंट 10 दिनों तक चलेगा, जिसमें देश की शीर्ष हॉकी टीमें आमने-सामने होंगी।
मुख्य प्रायोजक इंडियन ऑयल, कई कंपनियां सह-प्रायोजक
पिछले 36 वर्षों की तरह इस बार भी एशिया की अग्रणी महारत्न कंपनी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड टूर्नामेंट की मुख्य प्रायोजक है। सह-प्रायोजकों में गाखल ग्रुप (USA), A.G.I. इंफ्रा, C.T. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, पालटैक्स परमेश्वरी सिल्क मिल्स (लुधियाना) और अल्फा हॉकी शामिल हैं।
दर्शकों के लिए कार, फ्रिज और LCD जीतने का मौका
टूर्नामेंट के फाइनल वाले दिन दर्शकों और प्रतिभागियों के लिए लकी ड्रॉ के ज़रिए ऑल्टो कार, फ्रिज और LCD टीवी जैसे आकर्षक इनाम दिए जाएंगे। ऑल्टो कार को अमेरिका में बसे NRI सतनाम सिंह ‘सत्ता भलवान’ ने प्रायोजित किया है। टूर्नामेंट ‘लीग-कम-नॉकआउट’ प्रारूप पर खेला जाएगा।
4 ग्रुपों में बांटी जाएंगी टीमेंपूल-A : इंडियन ऑयल मुंबई, इंडियन नेवी मुंबई, RCF कपूरथला
पूल-B: पंजाब एंड सिंध बैंक दिल्ली, पंजाब पुलिस, इंडियन एयर फोर्स दिल्ली
पूल-C: भारत पेट्रोलियम मुंबई, BSF जालंधर, CAG दिल्ली
पूल-D: इंडियन रेलवे दिल्ली, आर्मी इलेवन दिल्ली, CRPF दिल्ली
हर पूल की टॉप दो टीमें क्वार्टर फाइनल में जगह बनाएंगी।
सेमीफाइनल 31 अक्टूबर को।
फाइनल मुकाबला 1 नवंबर को खेला जाएगा
मैचों का लाइव प्रसारण और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी
टूर्नामेंट के दोनों सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबलों का सीधा प्रसारण PTC News और PTC Gold चैनलों पर किया जाएगा। ऑल इंडिया रेडियो, जालंधर फाइनल मैच की बॉल-टू-बॉल कमेंट्री करेगा। फाइनल से पहले दर्शकों के मनोरंजन के लिए पंजाबी गायक गुलाब सिद्धू अपनी लाइव प्रस्तुति देंगे।
आज के मैच
आर्मी इलेवन दिल्ली बनाम CRPF दिल्ली – शाम 4:30 बजे
पंजाब एंड सिंध बैंक दिल्ली बनाम पंजाब पुलिस – शाम 6:00 बजे