भारत इंफो : पंजाब में लुधियाना बस स्टैंड के बाहर का एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में एक लड़की खुलेआम नशे की हालत में झूमती हुई और खुद को संभाल पाने में असमर्थ दिख रही है। वायरल वीडियो ने नशे के खिलाफ ‘जंग’ छेड़ने के आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार के बड़े-बड़े दावों की पोल खोलकर रख दी है।
23-24 साल की लग रही है लड़की
वायरल हुए वीडियो में करीब 23 से 24 साल की यह लड़की जिसने काले रंग की टी-शर्ट और जींस पहनी हुई है, वह नशे की वजह से बुरी तरह बेसुध लग रही है। उसकी आंखें भी लगभग बंद हैं और वह मुश्किल से खड़ी हो पा रही है। राहगीरों ने तुरंत इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जिससे नशे के प्रसार को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
सरकार के दावों पर उठे सवाल
एक तरफ AAP सरकार लगातार यह दावा कर रही है कि राज्य में नशे के खिलाफ युद्ध (War Against Drugs) चल रहा है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, पिछले 223 दिनों में कुल 32,538 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं दूसरी तरफ बस स्टैंड जैसे सार्वजनिक स्थान पर लड़की का यह हाल सरकारी दावों की जमीनी हकीकत पर सवालिया निशान लगाता है।
लगातार की जा रही है पेट्रोलिंग
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस चौकी कोछड़ मार्केट के इंचार्ज लखविंदर मसीह ने आश्वासन दिया है कि इस इलाके में अब लगातार पेट्रोलिंग करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि नशा तस्करों को पकड़ने के लिए छापामारी भी की जा रही है। बस स्टैंड चौकी के कर्मचारियों को भी निर्देश दे दिए गए हैं कि वह इस तरह के लोगों से सख्ती से निपटें।