भारत इंफो : रूस के कामचटका के पूर्वी तट पर शुक्रवार सुबह 7.8 तीव्रता का भूकंप आया। इसके बाद करीब 5 आफ्टरशॉक्स दर्ज किए गए, जिनकी तीव्रता 5.8 रही। झटकों के बाद सुनामी की चेतावनी जारी की गई और समुद्र में 30 से 62 सेंटीमीटर ऊंची लहरें देखी गईं।
इमरजेंसी सेवाएं हाई अलर्ट पर
कामचटका के गवर्नर व्लादिमीर सोलोदोव ने बताया कि सभी आपातकालीन सेवाओं को हाई अलर्ट पर रखा गया है। फिलहाल किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं मिली है। रिपोर्ट के मुताबिक, आज आए झटकों के साथ इस क्षेत्र में अब तक 7.0 या उससे अधिक तीव्रता के 4 बड़े भूकंप दर्ज किए गए।
घरों और सड़कों पर कंपन का असर
सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में घरों का फर्नीचर, लाइटें और सड़कों पर खड़ी गाड़ियां हिलती नजर आईं। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, भूकंप पेट्रोपावलोव्स्क-कामचत्स्की शहर से 128 किलोमीटर दूर, 10 किलोमीटर की गहराई पर आया। हालांकि बाद में रूस की स्टेट जियोफिजिकल सर्विस ने इसकी तीव्रता घटाकर 7.4 कर दी।