Sunday, September 13, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 26°C
Breaking News

जालंधर में फोन के बहाने स्नेचिंग, भाग रहे लुटेरे को लोगों ने घेरकर पीटा

भारत इंफो : जालंधर के थाना बस्ती बावा खेल के अंतर्गत आते शेर सिंह कॉलोनी इलाके में दिन-दहाड़े स्नेचिंग की एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ एक शातिर एक्टिवा सवार युवक ने मदद के बहाने एक राहगीर को रोका और उसका मोबाइल छीनकर भागने का प्रयास किया। घटना उस समय और भी गंभीर हो गई जब मोबाइल बचाने की कोशिश में पीड़ित ने एक्टिवा को पकड़ लिया और आरोपी उसे सड़क पर काफी दूरी तक घसीटता हुआ ले गया। हालांकि, संतुलन बिगड़ने के कारण आरोपी गिर गया और मौके पर मौजूद लोगों ने उसे दबोच लिया।

मदद के नाम पर दिया झांसा
मूल रूप से बिहार के रहने वाले पीड़ित दिलीप ने बताया कि वह गंदे नाले के पास एक मिस्त्री के पास काम करता है। दोपहर के समय जब वह खाना खाने के लिए जा रहा था, तभी एक सफेद रंग की एक्टिवा पर सवार युवक उसके पास आया। युवक ने बड़े ही विश्वास के साथ दिलीप से कहा कि उसके फोन का रिचार्ज खत्म हो गया है और उसे एक जरूरी कॉल करनी है। दिलीप ने इंसानियत के नाते जैसे ही उसे अपना फोन दिया, आरोपी ने फोन कान पर लगाकर भागने की कोशिश शुरू कर दी। दिलीप ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए एक्टिवा के पीछे वाले हिस्से को मजबूती से पकड़ लिया।

सड़क पर घसीटा गया पीड़ित
लुटेरे ने रुकने के बजाय एक्टिवा की रफ्तार बढ़ा दी, जिसके कारण दिलीप सड़क पर घसीटता चला गया। कुछ मीटर की दूरी पर सड़क खराब होने या हड़बड़ाहट के कारण एक्टिवा का संतुलन बिगड़ गया और लुटेरा सड़क पर गिर पड़ा। शोर सुनकर आसपास के लोग और चश्मदीद रामचंद्र तुरंत मौके पर पहुंचे। गुस्साई भीड़ ने स्नेचर को काबू कर लिया और उसकी जमकर ‘छित्तर परेड’ (पिटाई) की। लोगों ने आरोपी से मोबाइल छीनकर पीड़ित को वापस कर दिया, हालांकि इस अफरा-तफरी का फायदा उठाकर आरोपी बाद में मौके से फरार होने में कामयाब रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *