loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 36°C
Breaking News

गुजरात में अलर्ट! विधानसभा, मुंद्रा पोर्ट और स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी

भारत इंफो : गुजरात में बुधवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक अज्ञात ईमेल के जरिए राज्य के कई महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों को बम धमाकों से दहलाने की धमकी मिली। इस ईमेल में गांधीनगर स्थित विधानसभा, कच्छ के मुंद्रा पोर्ट और अहमदाबाद के प्रमुख स्कूलों को निशाना बनाने की बात कही गई थी। धमकी मिलने के तुरंत बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी है।

विधानसभा को कराया गया खाली, सुरक्षा घेरा सख्त
ईमेल मिलने के बाद गांधीनगर में गुजरात विधानसभा को एहतियात के तौर पर तुरंत खाली करवा लिया गया। बम निरोधक दस्ते (BDDS) और स्थानीय पुलिस ने पूरे परिसर की सघन तलाशी ली। इस दौरान चप्पे-चप्पे की जांच की गई ताकि किसी भी संभावित खतरे को टाला जा सके। सुरक्षा एजेंसियों ने विधानसभा के आसपास के इलाकों में भी गश्त बढ़ा दी है।

मुंद्रा पोर्ट पर मिसाइल हमले की धमकी से अलर्ट
इस धमकी भरे ईमेल में कच्छ जिले के मुंद्रा पोर्ट का भी जिक्र किया गया है। ईमेल में दावा किया गया कि पोर्ट पर खड़े एलपीजी टैंकर को मिसाइल से उड़ा दिया जाएगा। इस गंभीर चेतावनी को देखते हुए पोर्ट पर ‘हाई अलर्ट’ जारी कर दिया गया है और तटीय सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

अहमदाबाद के तीन नामी स्कूलों में तलाशी अभियान
धमकी में अहमदाबाद के तीन प्रसिद्ध स्कूलों- महाराजा अग्रसेन स्कूल (मेमनगर), कैलोरेक्स स्कूल (घाटलोडिया) और शांति एशियन स्कूल को भी निशाना बनाने की बात कही गई। सूचना मिलते ही जांच टीमों ने इन स्कूलों में सर्च ऑपरेशन चलाया। हालांकि, गहन जांच के बाद अब तक कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, जिससे प्रशासन और अभिभावकों ने राहत की सांस ली है।

नेताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी और जांच शुरू
ईमेल भेजने वाले ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के खिलाफ बेहद आपत्तिजनक और विवादित भाषा का इस्तेमाल किया है। साइबर क्राइम टीम और खुफिया एजेंसियां ईमेल के आईपी एड्रेस और इसे भेजने वाले के मूल स्थान का पता लगाने में जुट गई हैं ताकि इस साजिश के पीछे के चेहरों को बेनकाब किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *