भारत इंफो : जालंधर के चर्चित लक्की ओबरॉय हत्याकांड में एक सनसनीखेज मोड़ आ गया है। कुख्यात गैंगस्टर जोगा फोलड़ीवाल ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर इस हत्या की जिम्मेदारी ली है। जोगा ने अपनी पोस्ट में दावा किया है कि यह हत्या किसी राजनीतिक रंजिश के कारण नहीं, बल्कि खालसा कॉलेज की प्रधानगी और निजी दुश्मनी के चलते की गई है। हालांकि, पुलिस और प्रशासन अभी इस वायरल पोस्ट की सत्यता की पुष्टि नहीं कर रहे हैं, लेकिन इस खुलासे ने मामले की जांच को एक नई दिशा दे दी है। इस कबूलनामे के बाद शहर के लोगों में दहशत और चर्चा का माहौल है।
काले धंधों और कॉलेज प्रधानी का विवाद
वायरल हो रही इस पोस्ट में जोगा ने मृतक लक्की ओबरॉय पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। पोस्ट में लिखा गया है कि उसे ‘आप नेता’ के रूप में पेश करना गलत है, जबकि वह कथित तौर पर नशे के कारोबार से जुड़ा था और खुद भी नशे का आदी था। जोगा ने दावा किया कि लक्की के काले धंधों के सबूत उनके पास मौजूद हैं।

हत्या की मुख्य वजह बताते हुए पोस्ट में कहा गया कि खालसा कॉलेज की प्रधानगी को लेकर चल रहे विवाद और उनके साथियों को नुकसान पहुंचाने की कोशिशों के कारण यह कदम उठाया गया। जोगा के अनुसार, लक्की ने उनके बारे में जो अपशब्द कहे थे, यह उसी का प्रतिशोध है।
गुरुद्वारे के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग कर हत्या की
वारदात का विवरण रोंगटे खड़े कर देने वाला है। 53 वर्षीय लक्की ओबरॉय 6 फरवरी की सुबह मॉडल टाउन स्थित गुरुद्वारे में माथा टेकने गए थे। जैसे ही वह गुरुद्वारे से बाहर निकलकर अपनी थार गाड़ी में बैठने लगे, स्कूटी पर सवार होकर आए हमलावरों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।
हमलावरों ने बेहद करीब से कुल 6 गोलियां दागीं, जिनमें से 5 लक्की के सीने में और एक उनके मुंह पर लगी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस पूरी वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हमलावर पूरी निडरता के साथ गोलियां चलाते और फरार होते दिखाई दे रहे हैं।