भारत इंफो : जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा (LoC) के पास अचानक बढ़ी ड्रोन गतिविधियों के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट पर आ गई हैं। पाकिस्तान की ओर से खेले जा रहे इस डर्टी गेम को देखते हुए सीमा पर चौकसी और निगरानी बढ़ा दी गई है। अलग-अलग इलाकों में पाकिस्तानी ड्रोन देखे जाने के बाद भारतीय सेना ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए कार्रवाई की है।
राजौरी, सांबा और पुंछ में दिखे ड्रोन
अधिकारियों के मुताबिक राजौरी जिले में LoC के पास नौशेरा सेक्टर में तैनात सेना के जवानों ने शाम करीब 6:35 बजे गनिया-कलसियां गांव के ऊपर ड्रोन की गतिविधि देखी। इसी समय राजौरी के तेरियाथ क्षेत्र के खब्बर गांव में भी एक अन्य ड्रोन नजर आया। वहीं सांबा जिले के रामगढ़ सेक्टर में चक बाबराल गांव के ऊपर रविवार शाम करीब 7:15 बजे एक ड्रोन जैसी उड़ने वाली वस्तु कुछ मिनटों तक मंडराती हुई देखी गई। इसके अलावा पुंछ जिले के मनकोट सेक्टर में भी ड्रोन जैसी वस्तु देखे जाने की पुष्टि हुई है।
नौशेरा सेक्टर में सेना की त्वरित कार्रवाई
रविवार शाम नौशेरा सेक्टर में सबसे पहले ड्रोन की हलचल सामने आई। जैसे ही कलसियां के गनिया गांव के पास पाकिस्तानी ड्रोन नजर आया, भारतीय सेना ने तुरंत फायरिंग शुरू कर दी। ड्रोन को मार गिराने के लिए मीडियम मशीन गन और लाइट मशीन गन का इस्तेमाल किया गया। सेना की इस कार्रवाई ने साफ कर दिया कि किसी भी तरह की घुसपैठ को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सांबा में हथियार गिराने की साजिश की आशंका
सांबा के रामगढ़ सेक्टर में ड्रोन की मौजूदगी को लेकर चिंता और बढ़ गई, क्योंकि एक दिन पहले इसी इलाके में ड्रोन के जरिए हथियारों की खेप गिराए जाने की घटना सामने आई थी। तलाशी अभियान के दौरान बीएसएफ ने पिस्तौल, मैगजीन, चीनी ग्रेनेड और अन्य संदिग्ध सामग्री बरामद की थी। ऐसे में ड्रोन की दोबारा मौजूदगी किसी बड़ी साजिश की ओर इशारा कर रही है।
पुंछ सेक्टर में भी बढ़ी सतर्कता
पुंछ जिले के मनकोट सेक्टर में भी ड्रोन गतिविधि देखे जाने के बाद सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। लगातार अलग-अलग इलाकों में ड्रोन की मौजूदगी से यह स्पष्ट हो गया है कि पारंपरिक घुसपैठ में नाकामी के बाद पाकिस्तान ड्रोन के जरिए हथियार और गोला-बारूद भेजने की कोशिशें तेज कर रहा है।
सीमा पर निगरानी और कड़ी
ड्रोन गतिविधियों के बाद सभी सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। सीमा से सटे संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है और तलाशी अभियानों को तेज किया गया है, ताकि किसी भी साजिश को समय रहते नाकाम किया जा सके।