भारत इंफो : कनाडा सरकार ने एक नया आदेश जारी करते हुए बुजुर्गों के स्पॉन्सर वीज़ा पर रोक लगा दी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सरकार ने इमिग्रेशन से जुड़े नए नियम लागू किए हैं, जिसके तहत अब कनाडा में रहने वाले प्रवासी अपने माता-पिता को देश नहीं बुला सकेंगे। कनाडा ने वर्ष 2026 के लिए माता-पिता और दादा-दादी से संबंधित स्पॉन्सरशिप की नई अर्ज़ियां लेना बंद कर दिया है।
लगातार बदल रहे हैं इमिग्रेशन नियम
गौरतलब है कि कनाडा सरकार इससे पहले भी वीज़ा नियमों में सख्ती कर चुकी है। इन बदलावों का सबसे अधिक असर भारतीय प्रवासियों, खासतौर पर पंजाब से जुड़े लोगों पर देखने को मिल रहा है। इमिग्रेशन नीतियों में लगातार किए जा रहे बदलावों के चलते प्रवासियों के लिए पारिवारिक पुनर्मिलन की प्रक्रिया पहले से कहीं अधिक कठिन होती जा रही है।
माता-पिता को बुलाना होगा मुश्किल
नए फरमान के तहत अब कनाडा में बसे प्रवासी अपने माता-पिता, दादा-दादी या अन्य बुजुर्ग रिश्तेदारों को स्पॉन्सर वीज़ा के ज़रिये बुलाने में सक्षम नहीं होंगे। ओटावा सरकार ने 2026 के लिए इन श्रेणियों में इमिग्रेशन अर्ज़ियों के दरवाज़े बंद कर दिए हैं। इसका सीधा मतलब यह है कि परिवार के साथ रहने की उम्मीद कर रहे हजारों प्रवासियों की योजनाओं को बड़ा झटका लगा है।
भारतीय समुदाय में चिंता बढ़ी
कनाडा के इस फैसले से भारतीय समुदाय, विशेषकर पंजाबी प्रवासियों में चिंता का माहौल है। बड़ी संख्या में लोग सालों से अपने बुजुर्ग माता-पिता को कनाडा बुलाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन नए नियमों के बाद यह प्रक्रिया अब बेहद कठिन हो गई है।