Tuesday, February 17, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 11°C
Breaking News

बठिंडा पुलिस ने युवती को किया अरेस्ट, सोशल मीडिया पर शेयर की थी हथियारों वाली वीडियो

भारत इंफो : सोशल मीडिया पर हथियारों का खुलेआम प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ जिला पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई तेज कर दी है। बीते कुछ दिनों में ही पुलिस ऐसे करीब आधा दर्जन मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इसी कड़ी में अब बठिंडा जिले से एक युवती द्वारा हथियार के साथ फोटो और वीडियो पोस्ट करने का मामला सामने आया है।

फोटो-वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने की जांच
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक युवती की हथियार के साथ फोटो और वीडियो वायरल हो रही थी। पुलिस ने जब मामले की जांच की तो सामने आया कि यह सामग्री जिला बठिंडा के गांव कटार सिंह वाला की रहने वाली वीरपाल कौर पत्नी कुलदीप सिंह ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर अपलोड की थी।

पुलिस का बयान, कानून का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सदर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए युवती के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी वीरपाल कौर को गिरफ्तार कर लिया। थाना सदर के सहायक थानेदार धर्मवीर शर्मा ने बताया कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कानूनन अपराध है और ऐसे मामलों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आरोपी युवती को गिरफ्तार करने के बाद नियमानुसार जमानत पर रिहा कर दिया गया है।

युवाओं पर पड़ता है गलत असर
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर हथियारों की नुमाइश से न केवल कानून-व्यवस्था को खतरा पैदा होता है, बल्कि युवा वर्ग पर भी इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। जिला पुलिस लगातार सोशल मीडिया पर निगरानी रखे हुए है और भविष्य में भी इस तरह के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

जिम्मेदारी से सोशल मीडिया इस्तेमाल करने की अपील
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करें और किसी भी तरह की अवैध गतिविधि या हथियारों के प्रदर्शन से बचें। चेतावनी दी गई है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *