loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 21°C
Breaking News

प्रिंस हैरी के ससुर थॉमस मार्कल अमेरिका में गिरफ्तार, नाबालिगों से जुड़ी अश्लील सामग्री रखने का आरोप

82 वर्षीय थॉमस मार्कल को फ्लोरिडा में FBI ने हिरासत में लिया; लॉस एंजिलिस के स्टोरेज यूनिट से 78 संदिग्ध सामग्री बरामद होने का दावा

भारत इंफो, वॉशिंगटन

ब्रिटेन के प्रिंस हैरी के ससुर और उनकी पत्नी मेगन मार्कल के पिता थॉमस मार्कल को अमेरिका में गिरफ्तार किया गया है। 82 वर्षीय थॉमस पर नाबालिग बच्चों से संबंधित यौन शोषण सामग्री रखने का आरोप है। अमेरिकी संघीय जांच एजेंसी FBI ने उन्हें फ्लोरिडा में गिरफ्तार किया।

रॉयटर्स और एसोसिएटेड प्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी अधिकारियों ने शुक्रवार को उनकी गिरफ्तारी की पुष्टि की। अमेरिकी न्याय विभाग के अनुसार, थॉमस मार्कल पर चाइल्ड पोर्नोग्राफी रखने का एक आरोप लगाया गया है। उन्हें फ्लोरिडा के टाम्पा में अदालत में पेश किए जाने की संभावना है। जांच एजेंसियों के अनुसार, लॉस एंजिलिस क्षेत्र में स्थित दो स्टोरेज यूनिट से लगभग 78 वस्तुएं जब्त की गई हैं। इनमें स्लाइड्स, फिल्म नेगेटिव और किताबें शामिल हैं, जिनमें कथित तौर पर नाबालिगों से संबंधित आपत्तिजनक सामग्री मौजूद थी।

पहले भी सामने आए थे आरोप

थॉमस मार्कल के खिलाफ इससे पहले फिलीपींस में भी इसी तरह के आरोपों को लेकर जांच शुरू हुई थी। उनकी बेटी मेगन मार्कल ने पिछले महीने इन आरोपों पर गहरी चिंता जताई थी। उन्होंने कहा था कि बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्होंने अपने पिता से दूरी बनाई थी। थॉमस मार्कल इससे पहले इन आरोपों को खारिज करते हुए इन्हें झूठा बता चुके हैं। गौरतलब है कि मेगन मार्कल ने 2018 में प्रिंस हैरी से शादी की थी। थॉमस मार्कल अपनी बेटी की शाही शादी में भी शामिल नहीं हुए थे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *