Tuesday, September 15, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 28°C
Breaking News

जालंधर ज्वैलरी शॉप चोरी: 80 लाख की चोरी के बाद खुलासा, CCTV में कैद हुआ आरोपी का चेहरा

भारत इंफो : जालंधर के शहीद बाबूलाल सिंह नगर में आज सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब ‘बब्बर ज्वेलर्स’ की दुकान में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई। करीब एक दर्जन चोरों ने मिलकर इस घटना को अंजाम दिया और लोहे की रॉड (सब्बल) से दुकान के ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया। चोर दुकान से लगभग 80 लाख रुपये के कीमती आभूषण लेकर फरार हो गए। सुबह जब दुकान के मालिक वहां पहुंचे, तो दुकान का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए क्योंकि गहनों की अलमारियां पूरी तरह खाली हो चुकी थीं।

सीसीटीवी फुटेज में आरोपी का चेहरा साफ

इस पूरी वारदात की फुटेज दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में देखा जा सकता है कि करीब 6 से 7 चोर दुकान के ताले तोड़ने में लगे थे, जबकि उनके बाकी साथी बाहर खड़े होकर निगरानी कर रहे थे। इसी बीच एक आरोपी की तस्वीर भी सामने आई है जिसमें वह हाथ में बैग लिए घूमता दिख रहा है और उसका चेहरा स्पष्ट रूप से पहचाना जा सकता है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है और इसके आधार पर आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।

पुलिस जांच और भारी नुकसान का दावा

दुकान के मालिक सोनू बब्बर के अनुसार, चोर दुकान से करीब 25 तोले चांदी और 6 तोले सोना चोरी कर ले गए हैं, जिसकी कुल कीमत लगभग 80 लाख रुपये बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही एसीपी आतिश भाटिया पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बारीकी से जांच शुरू की। पुलिस को संदेह है कि बदमाशों को दुकान के अंदर की पूरी जानकारी पहले से थी। फिलहाल अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस आसपास के रास्तों के सीसीटीवी खंगाल रही है ताकि चोरों के भागने के रूट का पता लगाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *