भारत इंफो : पंजाब में शीतलहर और घने कोहरे ने अपना प्रचंड रूप दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के बिगड़ते हालातों को देखते हुए आज से लेकर 31 दिसंबर तक के लिए ताज़ा बुलेटिन जारी किया है। विभाग ने अगले 5 दिनों के लिए पंजाब के विभिन्न हिस्सों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी कर दिया है।
दो वेस्टर्न डिस्टर्बेंस बढ़ाएंगे मुश्किलें
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, आज (27 दिसंबर) से हिमालयी क्षेत्र में एक कमजोर वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय हो रहा है। इसके ठीक बाद 30 दिसंबर को एक और वेस्टर्न डिस्टर्बेंस दस्तक देगा, जिससे पहाड़ी इलाकों में भारी बर्फबारी की संभावना है। हालांकि इससे मैदानी इलाकों के तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव दिखेगा, लेकिन कड़ाके की ठंड से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।
इन जिलों में रहेगा ‘ऑरेंज अलर्ट’ का साया
28 और 29 दिसंबर को राज्य के बड़े हिस्से में ‘बहुत घना कोहरा’ छाए रहने का अनुमान है। विभाग ने निम्नलिखित जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है:
• अमृतसर, जालंधर, लुधियाना, पटियाला, गुरदासपुर, पठानकोट, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, बरनाला, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर और मोहाली।
येलो अलर्ट और शुष्क मौसम की चेतावनी
फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा और मानसा जैसे जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में बारिश के कोई संकेत नहीं हैं, मौसम पूरी तरह शुष्क (Dry) रहेगा, जिसके चलते सूखी ठंड और घना कोहरा लोगों की मुश्किलें और बढ़ा सकता है।
30 और 31 दिसंबर को भी अमृतसर, जालंधर और पटियाला समेत कई जिलों में घना कोहरा छाया रहेगा, जिससे विजिबिलिटी (दृश्यता) काफी कम रह सकती है।