loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 32°C
Breaking News

पंजाब-चंडीगढ़ में ‘कोल्ड अटैक’: घने कोहरे और शीतलहर ने थामी रफ्तार, मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट

भारत इंफो : उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड ने दस्तक दे दी है। पंजाब और चंडीगढ़ में शीतलहर के साथ घने कोहरे के ‘डबल अटैक’ ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। मौसम विभाग ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पूरे राज्य में ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है। पिछले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में 1.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है।

हाईवे पर विजिबिलिटी शून्य, रेंगते नजर आए वाहन

बुधवार सुबह जालंधर, लुधियाना, चंडीगढ़ और मोहाली अचानक घने कोहरे की चादर में लिपट गए। विशेष रूप से दिल्ली-जालंधर नेशनल हाईवे पर विजिबिलिटी घटकर शून्य के करीब पहुंच गई, जिससे सुबह के समय वाहनों की आवाजाही में काफी परेशानी हुई। आदमपुर, पठानकोट और चंडीगढ़ जैसे इलाकों में भी दृश्यता (Visibility) 100 मीटर से कम दर्ज की गई।

गुरदासपुर रहा सबसे ठंडा, अभी और गिरेगा पारा

राज्य में गुरदासपुर 5.3 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा इलाका रहा। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की और गिरावट आ सकती है। हालांकि, राहत की बात यह है कि 27 दिसंबर से पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय होने के बाद तापमान में हल्की बढ़ोतरी की उम्मीद है।

इन जिलों में घने कोहरे की चेतावनी

मौसम विभाग ने आज पंजाब के अधिकांश जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। इनमें मुख्य रूप से शामिल हैं:

• अमृतसर, जालंधर, लुधियाना, पटियाला, बठिंडा और तरनतारन।

• नवांशहर, कपूरथला, मोगा, बरनाला, मानसा, संगरूर और फतेहगढ़ साहिब में भी घना कोहरा छाया रहेगा।

• होशियारपुर, फिरोजपुर और मोहाली जैसे क्षेत्रों में भी धुंध का असर दिखने की संभावना है।

पहाड़ों पर बर्फबारी: मैदानों में बढ़ेगी ठिठुरन

मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ने का एक बड़ा कारण पहाड़ों पर होने वाली हलचल है। हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग ने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। साथ ही 28 और 30 दिसंबर को पहाड़ी इलाकों में भारी बर्फबारी की संभावना जताई गई है, जिसका सीधा असर पंजाब के मैदानी इलाकों पर पड़ेगा और ठिठुरन और बढ़ सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *