भारत इंफो : इंडिगो एयरलाइंस के हालिया संकट ने देशभर के हवाई यात्रियों को भारी परेशानी में डाल दिया। बड़े पैमाने पर उड़ानों के डिले और कैंसिलेशन के कारण दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और अहमदाबाद जैसे प्रमुख एयरपोर्ट्स पर अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। इस स्थिति ने एक बार फिर भारतीय एविएशन सेक्टर में इंडिगो की बढ़ती मोनोपोली पर सवाल खड़े कर दिए।
इंडिगो की मोनोपोली पर उठे सवाल
लगातार फ्लाइट्स रद्द होने और देरी से यात्रियों में नाराजगी बढ़ी। इसी के साथ यह बहस तेज हो गई कि घरेलू एयर ट्रैफिक में इंडिगो का दबदबा जरूरत से ज्यादा बढ़ चुका है, जिससे किसी भी संकट का सीधा असर यात्रियों पर पड़ता है।
तीन नई एयरलाइंस को संचालन की मंजूरी
इसी बीच नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने इंडिगो की मोनोपोली टूटने के संकेत देते हुए तीन नई एयरलाइंस—शंख एयर, अल हिन्द एयर और फ्लाई एक्सप्रेस-को संचालन की अनुमति दे दी है। इन कंपनियों के बाजार में उतरने से यात्रियों को ज्यादा विकल्प मिलेंगे और प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी।
सैकड़ों उड़ानें रहीं प्रभावित
देश में पहले से एअर इंडिया, इंडिगो और स्पाइसजेट जैसी एयरलाइंस मौजूद हैं, लेकिन डीजीसीए के नियमों और स्टाफ की कमी के चलते इंडिगो को हाल के दिनों में संचालन संबंधी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इसका नतीजा यह रहा कि सैकड़ों उड़ानें प्रभावित हुईं और यात्रियों को भारी असुविधा झेलनी पड़ी।
छोटी एयरलाइंस और कनेक्टिविटी को बढ़ावा
नई एयरलाइंस की एंट्री से न केवल यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है, बल्कि उड़ान योजना के तहत छोटी एयरलाइंस को भी मजबूती मिलेगी। इससे देश के विभिन्न हिस्सों में क्षेत्रीय हवाई कनेक्टिविटी बेहतर होने की संभावना जताई जा रही है।
उत्तर भारत के शहरों को मिलेगा सीधा लाभ
शंख एयरलाइन उत्तर प्रदेश की एक एविएशन कंपनी है, जो शुरुआत में लखनऊ से वाराणसी, गोरखपुर, अयोध्या, चित्रकूट, इंदौर और देहरादून के लिए उड़ानें शुरू करेगी। इससे उत्तर भारत के कई शहरों को सीधी हवाई कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा और यात्रियों का सफर आसान होगा।