भारत इंफो : पंजाब इस समय कड़ाके की ठंड और खराब वायु गुणवत्ता की दोहरी मार झेल रहा है। राज्य के कई शहरों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) बेहद खराब श्रेणी में दर्ज किया गया है, जिससे आम लोगों की सेहत पर खतरा बढ़ गया है। अमृतसर में AQI 224, बठिंडा में 241 और जालंधर में 201 रिकॉर्ड किया गया है। वहीं, ठंड का असर भी लगातार बढ़ता जा रहा है।
तापमान में गिरावट, ठंड से राहत के आसार नहीं
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अधिकतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। आने वाले दिनों में ठंड से राहत मिलने के कोई संकेत नहीं हैं। ठंडी हवाओं और गिरते तापमान ने सुबह-शाम लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है।
पंजाब-चंडीगढ़ घने कोहरे की चपेट में
बीती देर रात से ही पंजाब और चंडीगढ़ के कई इलाके घने कोहरे की चपेट में हैं। दृश्यता इतनी कम हो गई है कि लोगों को दिन में भी वाहनों की लाइटें जलाकर चलना पड़ रहा है। इससे सड़क और रेल यातायात पर भी असर पड़ने की आशंका है।
घने कोहरे को लेकर 7 दिन का अलर्ट
मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक अगले सात दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा, लेकिन सुबह और रात के समय घना कोहरा छाया रहेगा। आज से हवाएं और अधिक तेज और ठंडी होने की संभावना है, जिसका मुख्य कारण पहाड़ी इलाकों में हुई ताजा बर्फबारी बताया जा रहा है।
बारिश न होने से बढ़ेगा प्रदूषण का खतरा
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि बारिश न होने के कारण कोहरे के साथ-साथ प्रदूषण का स्तर भी और बढ़ सकता है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार 27 दिसंबर तक पंजाब में घने कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है। इसी अवधि में हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में भी घना कोहरा छाने की संभावना जताई गई है, जबकि पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों के कुछ हिस्सों में भी कोहरे का असर देखने को मिल सकता है।