Tuesday, February 17, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 14°C
Breaking News

चंडीगढ़ की VIP नीलामी ने उड़ाए होश, इतने में बिका 0001 नंबर

भारत इंफो : चंडीगढ़ में परिवहन विभाग की ओर से CH01-DC सीरीज के VIP नंबरों की ऑनलाइन नीलामी कराई गई, जिसमें लोगों का जबरदस्त क्रेज देखने को मिला। इस नीलामी में सबसे महंगा नंबर CH01-DC-0001 रहा, जिसे 31.35 लाख रुपये में खरीदा गया। इसके अलावा CH01-DC-0009 दूसरा सबसे महंगा नंबर रहा, जिसकी बोली 20.72 लाख रुपये तक पहुंची।

तीन दिन चली ऑनलाइन नीलामी

परिवहन विभाग के अनुसार, यह ऑनलाइन नीलामी 20 से 22 दिसंबर के बीच आयोजित की गई थी। इसकी पूरी जानकारी सोमवार को सार्वजनिक की गई। नीलामी के दौरान कुल 485 VIP नंबरों की बिक्री हुई, जिससे विभाग को 2.96 करोड़ रुपये की आय हुई। अधिकारियों का कहना है कि नीलामी को लेकर लोगों में काफी उत्साह देखने को मिला।

DC सीरीज ने बढ़ाया खरीदारों का उत्साह

अधिकारियों का मानना है कि इस सीरीज में ‘DC’ शब्द होने के कारण VIP नंबरों को लेकर लोगों में खासा आकर्षण रहा। हालांकि, इन नंबरों को खरीदने वाले लोगों की पहचान और इन्हें किस वाहन पर लगाया जाएगा, इसकी जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।

पहले भी दिख चुका है VIP नंबरों का क्रेज

चंडीगढ़ में इससे पहले भी VIP नंबरों को लेकर भारी क्रेज देखने को मिल चुका है। करीब तीन साल पहले CH01-CJ-0001 नंबर 15 लाख रुपये में बिका था। यह नंबर 42 वर्षीय विज्ञापन पेशे से जुड़े बृज मोहन ने खरीदा था, जिसने महज 70 हजार रुपये की एक्टिवा पर यह VIP नंबर लगाकर सबका ध्यान खींचा था।

हरियाणा में करोड़ तक पहुंची थी बोली

VIP नंबरों की सबसे बड़ी बोली हरियाणा में देखने को मिली थी। HR88B8888 नंबर की बोली एक समय 1.17 करोड़ रुपये तक पहुंच गई थी। हालांकि, बोली लगाने वाला व्यक्ति रकम जमा नहीं कर सका, जिस कारण नीलामी रद्द करनी पड़ी। बाद में दोबारा हुई नीलामी में यह नंबर 37.51 लाख रुपये में बिका, जिसे कैथल के एक प्रॉपर्टी डीलर ने खरीदा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *