Sunday, September 13, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 26°C
Breaking News

जालंधर में हथियार के बल पर लूट, पेट्रोल पंप से दो लाख रुपये लेकर फरार हुए लुटेरे

भारत इंफो : जालंधर के लांबड़ा में सोमवार रात एक काला संघिया रोड स्थित हिंदुस्तान पेट्रोलियम पेट्रोल पंप पर दो अज्ञात लुटेरों ने पिस्तौल के बल पर लगभग दो लाख रुपये लूट लिए। पूरी वारदात पास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिससे पुलिस जांच को महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं।

कर्मचारियों को धमकाकर दी वारदात को अंजाम
रात करीब 8 बजे पेट्रोल पंप पर चार कर्मचारी मौजूद थे। इसी दौरान दो अज्ञात युवक पैदल पंप पर पहुंचे और अचानक पिस्तौल निकालकर कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी देने लगे। पीड़ित कर्मचारी हर्ष चोपड़ा के अनुसार, लुटेरों ने दो कर्मचारियों के साथ मारपीट की और उन्हें एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद कैश काउंटर से करीब दो लाख रुपये लूटे और खेतों की तरफ भाग निकले।

पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही
सूचना मिलते ही थाना लांबड़ा की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। जांच अधिकारी एसआई गुरमीत राम ने बताया कि कंट्रोल रूम से कॉल मिलते ही टीम को मौके पर भेजा गया। आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज बारीकी से खंगाली जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही दोनों लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पीड़ित परिवार ने एसएसपी से लगाई गुहार
पेट्रोल पंप कर्मचारियों और प्रबंधन ने एसएसपी जालंधर से अपील की है कि लुटेरों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और उन्हें न्याय दिलाया जाए। घटना ने स्थानीय क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *