भारत इंफो : पाकिस्तान के बलूचिस्तान में एक बार फिर बड़ी आतंकी वारदात हुई है। जाफर एक्सप्रेस ट्रेन को सिंध के सुल्तानकोट के पास निशाना बनाया गया है, जिससे एक शक्तिशाली ब्लास्ट हुआ और ट्रेन की कई बोगिया पटरी से उतर गईं। इस हमले में कई यात्रियों के घायल होने की खबर है। पाकिस्तान की यह ट्रेन खैबर-पख्तूनख्वा के पेशावर से बलूचिस्तान के क्वेटा जा रही थी।
बलूच रिपब्लिक गार्ड्स ने ली जिम्मेदारी
हमले की जिम्मेदारी बलूच विद्रोही समूह बलूच रिपब्लिक गार्ड्स (BRG) ने ली है। BRG ने दावा किया कि उन्होंने शिकारपुर और जैकोबाबाद के बीच स्थित सुल्तानकोट में रिमोट-कंट्रोल IED विस्फोट के ज़रिए जाफर एक्सप्रेस को निशाना बनाया।
ट्रेन पर हमला उस समय किया गया जब पाकिस्तानी सेना के जवान उसमें यात्रा कर रहे थे। ब्लास्ट के कारण कई सैनिक मारे गए और घायल हुए और ट्रेन के छह डिब्बे पटरी से उतर गए। बलूचिस्तान की आज़ादी तक ऐसे ऑपरेशन जारी रहेंगे।
जाफर एक्सप्रेस लगातार बन रही निशाना
यह पहली बार नहीं है जब जाफर एक्सप्रेस को निशाना बनाया गया है। यह ट्रेन इस साल मार्च से ही विद्रोहियों के निशाने पर रही है।
पिछला हमला: इसी साल 24 सितंबर को मस्तुंग के स्पिजेंड इलाके में हुआ था, जिसमें महिलाओं और बच्चों समेत 10 से अधिक लोग घायल हुए थे।
अपहरण की घटना : इस साल की शुरुआत में बलूच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) की मजीद ब्रिगेड ने ट्रेन को अगवा कर लिया था और 400 से ज्यादा लोगों को बंधक बना लिया था।
रेलवे ट्रैक को उड़ाना : 11 मार्च को बलूचिस्तान के बोलन दर्रे के ढाबर इलाके में पटरी उड़ा दिए जाने के कारण ट्रेन को रोकना पड़ा था। सुरक्षा बलों के अपहरण और 24 घंटे से अधिक चले गतिरोध के बाद, बीएलए ने अपहृत सुरक्षाकर्मियों में से करीब 20 को मार गिराने का दावा किया था।