भारत इंफो, श्रीनगर
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में सोमवार को सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई। इसमें एक आतंकी मारा गया, जबकि दूसरे आतंकी को सुरक्षाबलों ने घेर लिया। इलाके में ऑपरेशन जारी रहने के दौरान सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षाबलों की विशेष ऑपरेशन ग्रुप (SOG) की टीमें तैनात रहीं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मुठभेड़ में शामिल आतंकियों की पहचान लतीफ भट और उमर के रूप में हुई है। शुरुआती जानकारी में दोनों आतंकियों के मारे जाने की खबर आई थी, लेकिन बाद में पुलिस ने स्पष्ट किया कि एक आतंकी मारा गया है और दूसरे को neutralise करने के लिए अभियान जारी है।
CRPF पोस्ट पर हमले से जुड़ा था आतंकी नेटवर्क
बताया जा रहा है कि दोनों आतंकी 11 नवंबर को कुलगाम के मीर बाजार के पास CRPF पोस्ट पर हुए हमले में शामिल थे। इस हमले में CRPF के तीन जवान घायल हुए थे, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई गई थी। हमले के बाद आतंकी मौके से फरार हो गए थे।
सुरक्षाबलों ने खुफिया जानकारी मिलने के बाद इलाके में घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया था। पूरे क्षेत्र को सील कर दिया गया है, ताकि कोई भी आतंकी भागने में कामयाब न हो सके।लतीफ भट पर दक्षिण कश्मीर में पहले भी कई आतंकी हमलों में शामिल होने का आरोप है। सुरक्षा एजेंसियां उसके नेटवर्क और अन्य सहयोगियों की भूमिका की जांच कर रही हैं। मुठभेड़ को पिछले सप्ताह CRPF पोस्ट पर हुए हमले के बाद सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।