loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 19°C
Breaking News

भाजपा करेगी डबल अटैक: जनता को देगी रोडमैप, मान सरकार से लेगी पांच साल का हिसाब!

मेनिफेस्टो के जरिए विकास और भविष्य का रोडमैप पेश करने की तैयारी, चार्जशीट के माध्यम से भगवंत मान सरकार के कामकाज पर उठाएगी सवाल

मनुपाल शर्मा, चंडीगढ़

पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले भाजपा ने अपनी राजनीतिक रणनीति को दो स्पष्ट दिशाओं में आगे बढ़ाने के संकेत दिए हैं। पार्टी एक तरफ जनता के सामने अपना चुनावी विजन और विकास का एजेंडा रखने की तैयारी कर रही है, वहीं दूसरी तरफ भगवंत मान के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी सरकार के कार्यकाल का हिसाब-किताब जनता के सामने रखने की रणनीति पर काम कर रही है।

प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों की ओर से मेनिफेस्टो और चार्जशीट कमेटियों का गठन इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। इन दोनों समितियों की जिम्मेदारियां अलग-अलग हैं, लेकिन उनका लक्ष्य 2027 के चुनाव से पहले भाजपा की राजनीतिक तैयारी को एक स्पष्ट दिशा देना है।

अपना एजेंडा पेश करने की चुनौती

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अविनाश राय खन्ना की अध्यक्षता में गठित 13 सदस्यीय मेनिफेस्टो कमेटी के सामने सबसे बड़ी जिम्मेदारी पंजाब की आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक जरूरतों के अनुरूप चुनावी घोषणा पत्र तैयार करने की होगी। पंजाब में रोजगार, कृषि संकट, उद्योग, नशे की समस्या, कानून-व्यवस्था, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे मुद्दे मतदाताओं के लिए महत्वपूर्ण हैं। भाजपा को इन विषयों पर केवल वादे ही नहीं, बल्कि उनके समाधान का व्यावहारिक रोडमैप भी प्रस्तुत करना होगा।

मान सरकार के कामकाज पर सवाल उठाने की तैयारी

दूसरी तरफ सुनील जाखड़ की अध्यक्षता वाली 14 सदस्यीय चार्जशीट कमेटी के जरिए भाजपा मौजूदा सरकार के कार्यकाल का राजनीतिक और नीतिगत मूल्यांकन सामने लाने की तैयारी में है। इस कमेटी के माध्यम से सरकार के चुनावी वादों, उनके क्रियान्वयन और विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियों एवं कमियों को लेकर सवाल तैयार किए जा सकते हैं।

हालांकि, चार्जशीट में लगाए जाने वाले आरोपों को तथ्यों और दस्तावेजों के आधार पर साबित करना भी भाजपा के लिए महत्वपूर्ण होगा, ताकि राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप से आगे बढ़कर जनता के सामने जवाबदेही से जुड़े ठोस सवाल रखे जा सकें।

दोनों कमेटियों की कारगुजारी पर रहेगी नजर

इन नियुक्तियों से भाजपा ने यह स्पष्ट किया है कि वह 2027 के चुनाव को लेकर केवल संगठनात्मक गतिविधियों तक सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि चुनावी मुद्दों और राजनीतिक नैरेटिव को भी समय रहते आकार देना चाहती है।

अब असली परीक्षा यह होगी कि मेनिफेस्टो कमेटी पंजाब के भविष्य को लेकर कितना ठोस विकल्प पेश करती है और चार्जशीट कमेटी सरकार के खिलाफ कितने प्रमाणिक सवाल सामने लाती है। अंततः मतदाताओं के लिए दोनों पक्षों के वादों, कामकाज और उपलब्धियों की तुलना महत्वपूर्ण होगी।

पंजाब की राजनीति में 2027 का चुनावी मुकाबला अभी दूर है, लेकिन भाजपा के इन दो कदमों से यह संकेत जरूर मिलता है कि चुनावी मुद्दों और सरकार की जवाबदेही को लेकर राजनीतिक तैयारी शुरू हो चुकी है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *