2027 चुनाव से पहले अकाली दल की पंथक राजनीति को मजबूत करने की कोशिश, भुलत्थ से मिल सकती है टिकट
भारत इंफो, कपूरथला
पंजाब की राजनीति में बड़े घटनाक्रम के तहत पूर्व एसजीपीसी अध्यक्ष बीबी जागीर कौर की शिरोमणि अकाली दल (बादल) में वापसी हो गई है। पार्टी अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल रविवार को बेगोवाल पहुंचे और उन्हें दोबारा पार्टी में शामिल कराया।
बीबी जागीर कौर पिछले करीब दो वर्षों से अकाली दल पुनर सुरजीत के साथ जुड़ी हुई थीं। सुखबीर बादल के नेतृत्व को लेकर मतभेदों के बाद उन्होंने अकाली दल से दूरी बना ली थी। अब उनकी वापसी को 2027 विधानसभा चुनाव से पहले अकाली दल के पुराने नेताओं और पंथक आधार को एकजुट करने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।
बीबी जागीर कौर ने पहले भी स्पष्ट किया था कि अकाली दल में रहकर ही पार्टी में बदलाव और मजबूती लाई जा सकती है। उन्होंने यह भी कहा था कि अकाली दल को दोबारा मजबूत करने के लिए सभी अकाली नेताओं का एकजुट होना जरूरी है।
राजनीतिक हलकों में उनकी वापसी के बाद भुलत्थ विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की संभावना भी चर्चा में है। वह पहले भी इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्हें कांग्रेस के सुखपाल सिंह खैहरा से हार का सामना करना पड़ा था। उनकी वापसी को सुखबीर बादल के लिए महत्वपूर्ण राजनीतिक उपलब्धि माना जा रहा है। खासकर ऐसे समय में जब अकाली दल 2027 के चुनाव से पहले पुराने नेताओं को साथ लाने और संभावित भाजपा गठबंधन को लेकर चर्चाओं के बीच अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने में जुटा है।