भारत इंफो, तेहरान
पश्चिम एशिया में बढ़ते सैन्य तनाव के बीच ईरान ने खाड़ी देशों को चेतावनी दी है कि यदि उन्होंने उसके खिलाफ अमेरिकी सैन्य कार्रवाई में किसी भी तरह का सहयोग किया तो उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। ईरान ने अमेरिका को सैन्य ठिकाने, हवाई क्षेत्र या खुफिया जानकारी उपलब्ध कराने वाले देशों को भी निशाना बनाने के संकेत दिए हैं।
इस बीच बहरीन में ईरानी ड्रोन हमलों की खबरें सामने आई हैं। बहरीन के एयर डिफेंस सिस्टम ने कई हवाई हमलों को रोकने का दावा किया है। ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने अमेरिकी सैन्य बलों की मेजबानी करने वाले अल-रिफा हेलीकॉप्टर बेस के रडार को निशाना बनाने के लिए ड्रोन भेजने की बात कही है।
ईरान की चेतावनी से सऊदी अरब, बहरीन, कतर, कुवैत और संयुक्त अरब अमीरात जैसे देशों की चिंता बढ़ सकती है, जहां अमेरिकी सैन्य ठिकाने मौजूद हैं। इस संघर्ष का असर वैश्विक तेल आपूर्ति पर भी पड़ने की आशंका है। खासकर होर्मुज जलडमरूमध्य में तनाव बढ़ने से अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें और समुद्री व्यापार प्रभावित हो सकते हैं।