Saturday, November 14, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 23°C
Breaking News

शेख हसीना की वापसी के लिए बांग्लादेश ने पूरी की कानूनी प्रक्रिया, अब भारत के फैसले पर टिकी निगाहें

बांग्लादेश के कानून मंत्री बोले- हमारी तरफ से सभी औपचारिकताएं पूरी, प्रत्यर्पण पर फैसला भारत को लेना है; भारत ने कहा- कानूनी प्रक्रिया के तहत होगा निर्णय

 

भारत इंफो, नई दिल्ली/ढाका

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की भारत से वापसी को लेकर दोनों देशों के बीच कूटनीतिक हलचल तेज हो गई है। बांग्लादेश सरकार ने दावा किया है कि शेख हसीना के प्रत्यर्पण के लिए जरूरी सभी कानूनी प्रक्रियाएं और औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। अब उन्हें वापस भेजने या नहीं भेजने का फैसला भारत सरकार को करना है।

बांग्लादेश के कानून मंत्री मोहम्मद असदुज्जमान ने शनिवार को ढाका में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि उनकी सरकार अपनी तरफ से सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी कर चुकी है। उन्होंने कहा, ”हमने कानूनी प्रक्रिया के तहत अपनी तरफ से सब कुछ पूरा कर लिया है। अब भारत क्या फैसला करता है, यह उस पर निर्भर करता है।”

अगस्त 2024 से भारत में रह रही हैं शेख हसीना

गौरतलब है कि अगस्त 2024 में बांग्लादेश में छात्र आंदोलन के बाद राजनीतिक हालात बिगड़ने पर शेख हसीना को प्रधानमंत्री पद छोड़ना पड़ा था। 5 अगस्त 2024 को वह बांग्लादेश छोड़कर भारत आ गई थीं। इसके बाद से वह भारत में रह रही हैं।

बांग्लादेश की तत्कालीन अंतरिम सरकार ने उनके प्रत्यर्पण की मांग भारत के सामने रखी थी। नवंबर 2025 में बांग्लादेश के इंटरनेशनल क्राइम्स ट्रिब्यूनल ने 2024 के छात्र आंदोलन के दौरान प्रदर्शनकारियों पर हुई कार्रवाई से जुड़े मानवता के खिलाफ अपराधों के मामले में उन्हें गैरमौजूदगी में मौत की सजा सुनाई थी। एक अन्य आरोप में आजीवन कारावास की सजा भी सुनाई गई थी। शेख हसीना ने इन आरोपों और अदालती कार्यवाही को खारिज किया है।

भारत ने प्रत्यर्पण पर अभी नहीं लिया अंतिम फैसला

भारत के विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को इस मामले पर अपना रुख स्पष्ट करते हुए कहा कि शेख हसीना का प्रत्यर्पण एक कानूनी मामला है और इस पर उसी के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि प्रत्यर्पण कानूनी विषय है और इसे निर्धारित प्रक्रिया के तहत निपटाया जाएगा। भारत ने बांग्लादेश की ओर से भेजे गए प्रत्यर्पण अनुरोधों की प्राप्ति स्वीकार की है, लेकिन अभी तक उन्हें सौंपने को लेकर कोई अंतिम निर्णय सार्वजनिक नहीं किया है।

शेख हसीना की वापसी को लेकर दो शर्तों की भी चर्चा

इस बीच BBC Bangla की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि भारत ने शेख हसीना की संभावित वापसी को लेकर दो शर्तें रखी हैं। पहली शर्त के अनुसार, बांग्लादेश की सेना को उन्हें वापस ले जाने की जिम्मेदारी उठानी होगी। इसके लिए सैन्य विमान भेजने का विकल्प भी बताया गया है। दूसरी शर्त के तहत बांग्लादेश में उनकी सुरक्षा, निष्पक्ष सुनवाई और मौत की सजा के खिलाफ अपील का अवसर सुनिश्चित करने की बात कही गई है। हालांकि, भारत सरकार ने इन कथित शर्तों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। विदेश मंत्रालय ने इस संबंध में पूछे गए सवालों पर कोई विशेष टिप्पणी करने से इनकार किया है।

दिसंबर में बांग्लादेश लौटने की इच्छा जता चुकी हैं हसीना

मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, शेख हसीना दिसंबर में बांग्लादेश लौटने की इच्छा जता चुकी हैं। हाल ही में उनके वकीलों की ओर से नई दिल्ली स्थित बांग्लादेश हाई कमीशन को नया पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र जारी करने के संबंध में पत्र भी भेजा गया था।

बांग्लादेश सरकार ने पासपोर्ट संबंधी इस मांग को स्वीकार नहीं किया है। ऐसे में शेख हसीना की वापसी अब भारत और बांग्लादेश के बीच कानूनी तथा कूटनीतिक बातचीत का महत्वपूर्ण विषय बन गई है। फिलहाल बांग्लादेश अपनी ओर से कानूनी प्रक्रिया पूरी होने का दावा कर रहा है, जबकि भारत ने स्पष्ट किया है कि इस मामले में फैसला कानूनी प्रक्रिया के अनुसार ही लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *