Saturday, November 14, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 23°C
Breaking News

दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए अमृतपाल सिंह को मिली जमानत

भारत इंफो, अमृतसर

वारिस पंजाब दे के प्रमुख और खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह को अपनी दादी माता चरण कौर के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए अदालत से एक दिन की अंतरिम जमानत मिल गई है। अमृतपाल असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद हैं। अदालत ने उन्हें 14 नवंबर के लिए यह राहत दी है।

अदालत ने अमृतपाल के चाचा हरजीत सिंह को तीन दिन और परिवार के एक अन्य सदस्य सुखमन सिंह को दो दिन की अंतरिम जमानत दी है। अमृतपाल की दादी चरण कौर का हाल ही में निधन हो गया था। वह 84 वर्ष की थीं। परिवार ने अमृतपाल को अंतिम विदाई में शामिल होने का अवसर देने के लिए अंतिम संस्कार रोक रखा था।

अमृतपाल के वकील कर्मवीर सिंह के मुताबिक, अदालत से मिली राहत के बावजूद 14 नवंबर तक उन्हें डिब्रूगढ़ से पंजाब लाने और सुरक्षा संबंधी औपचारिकताएं पूरी करने में मुश्किल आ सकती है। ऐसे में वकील जमानत की तारीख में बदलाव करवाने के लिए अदालत में अर्जी देने की तैयारी कर रहे हैं। उनकी कोशिश है कि अंतिम संस्कार में शामिल होने की अनुमति 17 नवंबर तक के लिए मिल जाए।

गौरतलब है कि अमृतपाल सिंह की अंतरिम जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए अदालत ने पहले पंजाब सरकार से जवाब मांगा था। उनके वकीलों ने पारिवारिक दुख और मानवीय आधार पर राहत देने की मांग की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *