Saturday, November 14, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 22°C
Breaking News

कनाडा में सिख युवक पर नफरती हमला, पगड़ी उतारकर सिर पर उड़ेली बीयर; तीन किशोर गिरफ्तार

भारत इंफो, टोरंटो : कनाडा में सिख समुदाय के खिलाफ कथित नफरती अपराध का एक और मामला सामने आया है। ओंटारियो प्रांत के बैरी (Barrie) शहर में तीन किशोरों ने कथित तौर पर एक 22 वर्षीय सिख युवक की पगड़ी उतार दी और उसके ऊपर बीयर उड़ेल दी। आरोपियों ने युवक के साथ मारपीट भी की। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ नफरत से प्रेरित अपराध (Hate-Motivated Offence) के तहत आरोप दर्ज किए हैं।

बैरी पुलिस के अनुसार, यह घटना 8 नवंबर की शाम को शहर की दो अलग-अलग बसों में हुई। तीनों आरोपियों की उम्र 16, 18 और 19 वर्ष बताई गई है। पुलिस ने पीड़ितों और आरोपियों की पहचान सार्वजनिक नहीं की है।

एक घंटे के भीतर दो यात्रियों को बनाया निशाना
पुलिस के मुताबिक, पहली घटना शाम करीब 7:15 बजे एसा रोड इलाके में एक बस में हुई। तीनों आरोपियों ने 26 वर्षीय यात्री के साथ कथित तौर पर अभद्र टिप्पणियां कीं और उसे धक्का मारने के साथ थप्पड़ भी मारे। जब यात्री ने बस चालक से मदद मांगी तो आरोपियों ने उसे बस से नीचे धकेल दिया और फरार हो गए।

इसके करीब एक घंटे बाद रात 8:30 बजे इसी समूह ने योंग स्ट्रीट पर दूसरी बस में 22 वर्षीय यात्री को निशाना बनाया। आरोप है कि एक आरोपी ने युवक की पगड़ी उतार दी और उसके ऊपर बीयर डाल दी।

फोन छीनकर सड़क पर फेंका, फिर की मारपीट
पुलिस के अनुसार, पीड़ित ने जब पुलिस को फोन करने की कोशिश की तो एक आरोपी ने उसका मोबाइल फोन छीनकर जमीन पर फेंक दिया। इसके बाद युवक ने बस चालक से मदद मांगी। इस दौरान दो आरोपियों ने उसे पकड़कर रखा, जबकि तीसरे ने उसके चेहरे और शरीर के ऊपरी हिस्से पर मुक्के मारे।

वारदात के बाद तीनों आरोपी टैक्सी में बैठकर फरार हो गए। पुलिस ने रात करीब 9 बजे सिमको और मुलकास्टर स्ट्रीट के पास टैक्सी को रोककर तीनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, दोनों पीड़ितों को गंभीर चोटें नहीं आईं।

सिख संगठनों ने जताया रोष
हिंदू सिख यूनिटी फोरम कनाडा और वर्ल्ड सिख ऑर्गेनाइजेशन ने इस घटना की निंदा की है। संगठनों का कहना है कि किसी व्यक्ति को उसके धर्म, पहचान या धार्मिक प्रतीकों के कारण निशाना बनाना अस्वीकार्य है। उन्होंने कनाडा में सिख समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करने और ऐसे मामलों में जवाबदेही तय करने की मांग की है।

ओंटारियो के नागरिकता एवं बहुसंस्कृतिवाद मंत्री ग्राहम मैकग्रेगर ने भी घटना की निंदा करते हुए कहा कि पगड़ी सिखों की आस्था का पवित्र प्रतीक है और इसे निशाना बनाना धार्मिक स्वतंत्रता तथा व्यक्ति की गरिमा पर हमला है।

तीनों पर नफरत से प्रेरित अपराध के आरोप
बैरी पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ कनाडा के क्रिमिनल कोड के तहत नफरत से प्रेरित अपराध के आरोप लगाए हैं। मामले की जांच जारी है। पुलिस ने आरोपियों के नाम सार्वजनिक नहीं किए हैं।

गौरतलब है कि कनाडा में 2021 की जनगणना के अनुसार करीब 7.71 लाख सिख रहते हैं। ओंटारियो प्रांत में सिख समुदाय की बड़ी आबादी है। इस घटना ने वहां धार्मिक पहचान के आधार पर होने वाले हमलों और अल्पसंख्यक समुदायों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *