loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 22°C
Breaking News

पंजाब में महंगा हुआ वेरका का दूध, 1 से 8 रुपये तक बढ़े दाम

13 नवंबर की सुबह से पंजाब, चंडीगढ़ और दिल्ली-NCR समेत आसपास के क्षेत्रों में नई कीमतें लागू

 

भारत इंफो, चंडीगढ़

आम लोगों को महंगाई का एक और झटका लगा है। अमूल और मदर डेयरी के बाद अब पंजाब के प्रमुख सहकारी डेयरी ब्रांड वेरका ने भी दूध की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। पंजाब स्टेट कोऑपरेटिव मिल्क प्रोड्यूसर्स फेडरेशन लिमिटेड (मिल्कफेड) की ओर से दूध के विभिन्न पैकेटों के अधिकतम खुदरा मूल्य (MRP) में 1 रुपये से लेकर 8 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है। नई कीमतें 13 नवंबर की सुबह से पंजाब, चंडीगढ़, मोहाली, पंचकूला, दिल्ली-NCR और आसपास के क्षेत्रों में लागू हो गई हैं।

नई दरों के अनुसार, 500 मिलीलीटर फुल क्रीम दूध अब 36 रुपये के बजाय 38 रुपये में मिलेगा। इसी तरह स्टैंडर्ड दूध की कीमत 33 से बढ़ाकर 35 रुपये, टोंड दूध की 30 से 31 रुपये और डबल टोंड दूध की 27 से 28 रुपये कर दी गई है। गाय के दूध का आधा लीटर पैकेट 31 के बजाय 33 रुपये और स्किम्ड दूध 24 के बजाय 25 रुपये में मिलेगा।

एक और दो लीटर के पैकेट भी महंगे

एक लीटर फुल क्रीम दूध की कीमत 72 से बढ़ाकर 76 रुपये कर दी गई है, जबकि स्टैंडर्ड दूध अब 65 के बजाय 69 रुपये में मिलेगा। टोंड दूध 59 से बढ़कर 61 रुपये और डबल टोंड दूध 53 से बढ़कर 55 रुपये हो गया है। डेढ़ लीटर के फुल क्रीम दूध का पैकेट अब 112 रुपये, स्टैंडर्ड दूध 102 रुपये और गाय का दूध 96 रुपये में मिलेगा। इन सभी पैकेटों पर 6 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। दो लीटर फुल क्रीम दूध का पैकेट 142 से बढ़कर 150 रुपये और स्टैंडर्ड दूध का पैकेट 128 से बढ़कर 136 रुपये हो गया है।

कुछ पैकेटों में कीमत के बजाय घटेगी मात्रा

मिल्कफेड ने कुछ पैकेटों की कीमतों में बदलाव नहीं किया है, लेकिन उनकी मात्रा कम करने का फैसला किया है। 350 मिलीलीटर टोंड दूध का पैकेट पुरानी पैकेजिंग सामग्री समाप्त होने के बाद 320 मिलीलीटर का कर दिया जाएगा। इसी तरह 450 मिलीलीटर स्टैंडर्ड दूध का पैकेट 430 मिलीलीटर का होगा, जबकि इसकी कीमत 30 रुपये ही रहेगी।

180/200 मिलीलीटर डबल टोंड दूध की कीमत में भी कोई बदलाव नहीं किया गया है। वहीं, बल्क मिल्क की कीमतें और डीलरों एवं वितरकों का मार्जिन पहले की तरह ही रहेगा।

गौरतलब है कि एक साल से भी कम समय में वेरका ने दूसरी बार दूध के दाम बढ़ाए हैं। इससे पहले मई 2026 में भी दूध की कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी। अमूल और मदर डेयरी ने भी 12 नवंबर से अपने विभिन्न दूध उत्पादों के दाम 2 से 4 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ाए हैं।

पुरानी पैकेजिंग का स्टॉक खत्म होने तक कुछ पैकेटों पर पुराने रेट छपे रह सकते हैं, लेकिन ग्राहकों से नई दरों के अनुसार ही भुगतान लिया जाएगा। डीलरों और वितरकों को नई रेट लिस्ट प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *